कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रांसफार्मर चोर गिरोह का भंडाफोड़ और 4 नशा तस्कर गिरफ्तार

कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रांसफार्मर चोर गिरोह का भंडाफोड़ और 4 नशा तस्कर गिरफ्तार

कैथल में पुलिस ने अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक शातिर ट्रांसफार्मर चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है और अलग-अलग मामलों में नशा तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। सीआईए-1 पुलिस ने बिजली ट्रांसफार्मरों से तांबा तार व अन्य सामान चुराने वाले शातिर चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से थाना गुहला, चीका व ढांड क्षेत्र के अंतर्गत ट्रांसफार्मर चोरी और मोबाइल चोरी की कुल 32 वारदातों को सुलझाने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक बाइक, ट्रांसफार्मरों से चोरी की गई 6 किलोग्राम तांबा तार, 5 लीटर तेल, इंसुलेटर, बाडी, क्वाईल और 1 ट्रांसफार्मर बरामद किया है।

ट्रांसफार्मर चोरी के मामलों का खुलासा

पिछले दिनों में बिजली ट्रांसफार्मर चोरी की बढ़ रही वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए एसपी मनप्रीत सिंह सूदन द्वारा दिए गए निर्देशों पर खरा उतरते हुए सीआईए-1 पुलिस ने यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।प्रेस वार्ता के दौरान डीएसपी सुशील प्रकाश ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि उपमंडल अधिकारी यूएचबीवीएन चीका की शिकायत के अनुसार क्षेत्र प्रभारी विजय कुमार ने 16 जून को एक्सईएन कार्यालय के सामने रखे ट्रांसफार्मर की जांच की थी। जांच में पाया गया कि 16 केवीए क्षमता वाले ट्रांसफार्मर का सामान व तेल चोरी हो चुका था, जिससे बिजली निगम को करीब 47,557 रुपये का राजस्व नुकसान हुआ था। इस संबंध में थाना चीका में मामला दर्ज कर लिया गया था और मामले को सीआईए-1 पुलिस के सुपुर्द करते हुए जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए गए थे।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

पुलिस रिमांड के दौरान हुए खुलासे

आदेशों पर कार्रवाई करते हुए सीआईए-1 पुलिस प्रभारी एसआई जसवंत सिंह की अगुवाई में एसआई प्रवीन कुमार, एएसआई गुरदान व एएसआई प्रदीप कुमार की टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर 8 सितंबर को बेगा बस्ती गुहला निवासी रोहित कुमार और चीका निवासी विशाल उर्फ मोटा को वकील कॉलोनी चीका से काबू किया। माननीय न्यायालय से दोनों आरोपियों का 3 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया था। रिमांड के दौरान 11 सितंबर को अन्य आरोपी चीका निवासी अमित, गांव लुखी जिला कुरुक्षेत्र निवासी राजकुमार और नेपाल निवासी हाल चीका निवासी विनोद को भी गिरफ्तार किया गया। इन सभी आरोपियों का भी माननीय न्यायालय से पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा।

चोरों का कार्यप्रणाली और कबाड़ी को बिक्री

सभी आरोपियों ने पूछताछ के दौरान जिला कैथल के थाना गुहला, चीका और ढांड से कुल 32 चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है, जिनमें ट्रांसफार्मर चोरी की 31 वारदातें और चीका से 1 मोबाइल चोरी की वारदात शामिल है। डीएसपी ने बताया कि आरोपी दिन के समय बाइक पर वारदात करने के लिए खेतों व अन्य क्षेत्रों में लगे ट्रांसफार्मरों की रेकी करते थे। आरोपी पीले रंग और गणपति इंटरप्राइजेज लिखे ट्रांसफार्मरों को चिन्हित करते थे और फिर रात के समय चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ट्रांसफार्मरों से सामान चोरी करके गांव बलबेड़ा पंजाब स्थित कबाड़ी को बेच देते थे।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड और पुलिस चेतावनी

आरोपी चीका निवासी अमित पर 2 आर्म्स एक्ट, एक बाइक चोरी और 1 ट्रांसफार्मर चोरी सहित कुल 4 मामले दर्ज हैं। गांव लुखी जिला कुरुक्षेत्र निवासी राजकुमार पर 1 ट्रांसफार्मर चोरी और एक शराब तस्करी का मामला दर्ज है। आरोपी विनोद और विशाल को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा, जबकि अन्य 3 आरोपियों से व्यापक पूछताछ के लिए न्यायालय से रिमांड हासिल किया जाएगा। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन की तरफ से जिला में कबाड़ी का काम करने वाले सभी दुकानदारों और फैरीवालों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी ट्रांसफार्मर या अन्य चोरी से संबंधित सामान किसी से न खरीदे। यदि कोई चोरी का सामान खरीदता है तो उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

नशा तस्करों पर कैथल पुलिस का कड़ा प्रहार

कैथल पुलिस द्वारा नशा मुक्त जिला अभियान के तहत एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कड़ा प्रहार किया जा रहा है। इसी कड़ी में एंटी नारकोटिक सैल, सीआईए गुहला और थाना सीवन पुलिस द्वारा अलग-अलग 3 मामलों में 4 आरोपियों को काबू किया गया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 16.84 ग्राम चिट्टा/हेरोइन तथा 2 बोतल हथकड़ी शराब बरामद की गई है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पहले मामले में एंटी नारकोटिक सैल कैथल के प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एसआई जयभगवान की टीम ने गांव सौलूमाजरा में गुप्त सूचना के आधार पर दबिश दी।

नशीले पदार्थ और शराब की बरामदगी के मामले

पुलिस टीम ने गांव सोलु माजरा रेलवे फाटक के पास से पबनावा निवासी अजय उर्फ गोलू को काबू किया। मौके पर पहुंचे ईटीओ कंचन पांड्या के समक्ष नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी की जेब से पन्नी में 6.85 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ, जिस बारे थाना ढांड में मामला दर्ज किया गया। दूसरे मामले में सीआईए गुहला प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार की अगुवाई में टीम ने गांव सदरहेड़ी से कल्लर माजरा रोड पर कार्रवाई की। पुलिस ने बाइक सवार गांव खरकां निवासी रूपराम को रुकवाकर काबू किया और मौके पर पहुंचे ईटीओ दीपक दत्त की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसकी जेब से 6.49 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई, जिस बारे थाना चीका में मामला दर्ज किया गया।

तीसरे मामले में शराब और स्मैक बरामद

तीसरे मामले में थाना सीवन की पुलिस टीम ने गांव पाबसर से कागंथली रोड पर एक होटल के सामने नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल पर सवार गांव पाई निवासी अंकित और योगेश को काबू किया। जांच के दौरान योगेश के कब्जे से बैग से 2 बोतल हथकढ़ी शराब तथा अंकित की जेब से 3.50 ग्राम चिट्टा (स्मैक) बरामद हुआ। इस संबंध में थाना सीवन में मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जिला पुलिस का साफ संदेश है कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करी या अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Share:

Comments

Leave a comment