कैथल पुलिस की अगस्त माह में बड़ी कार्रवाई, शराब और नशा तस्करों समेत 127 आरोपी गिरफ्तार

कैथल जिला पुलिस द्वारा अगस्त माह के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया गया। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में पुलिस ने शराब व मादक पदार्थ तस्करी, चोरी, लूट, सेंधमारी और अवैध असला रखने के मामलों में कुल 100 मामलों में 127 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि अगस्त माह के दौरान विशेष तौर पर नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया गया। पुलिस ने 28 मामले दर्ज करके 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 584 किलो 425 ग्राम डोडा पोस्त, 1 किलो 250 ग्राम चूरा पोस्त, 28 किलो 471 ग्राम गांजा, 260.830 ग्राम अफीम, 660.515 ग्राम हैरोइन तथा 160 नशीली गोलियां, 1 किलो 854 ग्राम नशीली गोलियों का घोल और 348 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। इन सभी नशीले पदार्थों की कुल कीमत करोड़ों रुपए है।
शराब तस्करों और संपत्ति के खिलाफ कार्रवाई
अगस्त माह के दौरान शराब तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए 36 मामलों में 37 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 225 बोतल देशी शराब, 229.25 बोतल हथकढी शराब, 18 बोतल अंग्रेजी शराब, 7 बोतल बीयर और करीब 1815 लीटर लाहन बरामद किया है। संपत्ति के खिलाफ अपराध करने वाले अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए 19 मामलों में 27 आरोपियों को काबू किया गया। उनके कब्जे से 36 लाख 4 हजार 600 रुपए मूल्य की चोरीशुदा जन संपत्ति बरामद की गई है।
अवैध हथियार और अन्य गिरफ्तारियां
अवैध असला और अमुनेशन रखने वाले अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए 12 मामलों में 15 आरोपियों को काबू किया गया। पुलिस ने 12 अवैध देसी पिस्तौल और 5 कारतूस बरामद किए हैं। जुआ और सट्टा अधिनियम के 5 मामलों में 13 आरोपियों को काबू करके 1 लाख 50 हजार 800 रुपए बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त, अगस्त माह के दौरान पुलिस ने 10 बेल जंपर, 27 पी.ओ. आरोपी और 4 मोस्ट वांटेड अपराधियों को भी काबू किया है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि पुलिस का प्रथम दायित्व आमजन की जानमाल की सुरक्षा करना है और किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था को नहीं बिगड़ने दिया जाएगा।
सीआईए गुहला पुलिस ने पकड़ी हेरोइन
सीआईए गुहला पुलिस द्वारा थाना गुहला क्षेत्र से एक नशा तस्कर को 7.10 ग्राम हेरोइन यानी चिट्टा सहित काबू कर लिया गया है। सीआईए गुहला प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार की अगुवाई में टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर खरंका रोड पर मटकालिया बस अड्डे के पास दबिश दी। पुलिस टीम ने डेरा बाजीगर गांव सुल्तानिया निवासी सुबा राम को काबू किया। ईटीओ कैथल कंचन पांड्या के समक्ष ली गई तलाशी के दौरान आरोपी के पास से प्लास्टिक पन्नी से 7.10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना गुहला में मामला दर्ज कर लिया गया है।
एंटी नारकोटिक सैल ने पकड़ी अवैध शराब
अवैध शराब के धंधे पर कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक सैल कैथल द्वारा एक आरोपी को अवैध शराब सहित काबू किया गया है। एंटी नारकोटिक सैल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने गांव प्रेमपुरा से गांव रामपुरा रोड की तरफ नाकाबंदी की थी। स्कूटी पर सवार होकर आ रहे कक्योर माजरा निवासी विजय कुमार को पुलिस ने रोका। जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से प्लास्टिक कैनी से कुल 21 बोतल अवैध शराब बरामद हुई। इस मामले में थाना सीवन में मामला दर्ज कर लिया गया है।
जम्मू-कटरा एक्सप्रेस-वे पर गोवंश तस्करी का मामला
थाना कलायत पुलिस ने जम्मू-कटरा एक्सप्रेस-वे पर गाड़ी में गोवंश की तस्करी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गोपुत्र सेवा ट्रस्ट के सदस्य दीपक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। खनौरी और पातड़ा की तरफ से आ रही एक यूपी नंबर पिकअप गाड़ी को खरक पांडवा टोल के पास रोका गया। गाड़ी की चेकिंग करने पर उसमें 2 बैल यानी गोवंश मिले। पुलिस पूछताछ में चालक ने अपना नाम राजीव और कंडक्टर ने रवि बताया, जो दोनों बुंदायु, उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। आरोपियों के पास गोवंश से संबंधित कोई लाइसेंस या परमिट नहीं था।