कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अगस्त माह में 100 मामलों में 127 आरोपी गिरफ्तार, नशा तस्कर और गोवंश तस्कर भी काबू

कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अगस्त माह में 100 मामलों में 127 आरोपी गिरफ्तार, नशा तस्कर और गोवंश तस्कर भी काबू

कैथल पुलिस द्वारा जिला में अमन-चैन एवं कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए अगस्त माह के दौरान उल्लेखनीय सफलता हासिल की गई है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ उच्च मनोबल के साथ कर्तव्य पालन करते हुए यह कार्रवाई की गई है। नागरिकों को नशे के दुष्परिणाम तथा साइबर अपराध से अवगत करवाने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। शराब व मादक पदार्थ तस्करी, चोरी, लूट, सेंधमारी, अवैध असला रखने आदि के कुल 100 मामलों में 127 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।

नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान और बरामदगी

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि अगस्त माह के दौरान विशेष तौर पर नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया गया। पुलिस ने नशा तस्करी के 28 मामले दर्ज करके 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 584 किलो 425 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया है। इसके अलावा 1 किलो 250 ग्राम चूरा पोस्त, 28 किलो 471 ग्राम गांजा, 260.830 ग्राम अफीम और 660.515 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। पुलिस ने 160 नशीली गोलियां, नशीली गोलियों का 1 किलो 854 ग्राम घोल और 348 नशीले इंजेक्शन भी बरामद किए हैं।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

शराब तस्करों और संपत्ति के खिलाफ कार्रवाई

अगस्त माह के दौरान शराब तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए 36 मामलों में 37 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। आरोपियों के कब्जे से 225 बोतल देशी शराब और 229.25 बोतल हथकढी शराब बरामद हुई है। पुलिस ने 18 बोतल अंग्रेजी शराब, 7 बोतल बीयर और करीब 1815 लीटर लाहन भी बरामद किया है। संपत्ति के विरुद्ध अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए 19 मामलों में 27 आरोपियों को काबू किया गया है। उनके कब्जे से 36 लाख 4 हजार 600 रुपए मूल्य की चोरीशुदा जन संपत्ति बरामद की गई है।

अवैध हथियार, जुआ और वांटेड अपराधी गिरफ्तार

गत माह के दौरान अवैध असला रखने वाले अपराधियों पर भी शिकंजा कसा गया है। पुलिस ने 12 मामलों में 15 आरोपियों को काबू करके 12 अवैध देसी पिस्तौल बरामद किए हैं। आरोपियों से 5 कारतूस भी बरामद किए गए हैं। जुआ और सट्टा अधिनियम के 5 मामलों में 13 आरोपियों को काबू करके 1 लाख 50 हजार 800 रुपये बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त अगस्त माह के दौरान पुलिस द्वारा 10 बेल जंपर, 27 पी.ओ. आरोपी और 4 मोस्ट वांटेड अपराधियों को भी काबू किया गया है।

सीआईए गुहला पुलिस की कार्रवाई और हेरोइन बरामदगी

सीआईए गुहला पुलिस द्वारा थाना गुहला क्षेत्र से एक नशा तस्कर को 7.10 ग्राम हेरोइन सहित काबू कर लिया गया है। सीआईए गुहला प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार की अगुवाई में यह कार्रवाई की गई है। गुप्त सूचना के आधार पर डेरा बाजीगर गांव सुल्तानिया निवासी सुबा राम को खरंका रोड पर मटकालिया बस अड्डे के पास पकड़ा गया। ईटीओ कैथल कंचन पांड्या के समक्ष ली गई तलाशी में आरोपी के पास से हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना गुहला में मामला दर्ज करके अदालत में पेश किया जा रहा है।

एंटी नारकोटिक सैल द्वारा अवैध शराब बरामद

अवैध शराब के धंधे पर कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक सैल कैथल द्वारा एक आरोपी को अवैध शराब सहित काबू किया गया है। एंटी नारकोटिक सैल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में यह कार्रवाई की गई है। गुप्त सूचना के आधार पर गांव प्रेमपुरा से गांव रामपुरा रोड पर नाकाबंदी की गई थी। स्कूटी पर सवार कक्योर माजरा निवासी विजय कुमार को पुलिस द्वारा काबू किया गया है। आरोपी के कब्जे से प्लास्टिक कैनी से कुल 21 बोतल अवैध शराब बरामद हुई है।

जम्मू-कटरा एक्सप्रेस-वे पर गोवंश तस्करी का भंडाफोड़

थाना कलायत पुलिस ने जम्मू-कटरा एक्सप्रेस-वे पर गाड़ी में गोवंश तस्करी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता दीपक गोपुत्र सेवा ट्रस्ट का सदस्य है जिसकी सूचना पर यह कार्रवाई हुई। पिकअप गाड़ी में सवार होकर गोवंश को तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। गौ रक्षा दल के सदस्यों ने गाड़ी को रुकवाया जिसमें 2 बैल और गोवंश मिले। पुलिस ने चालक राजीव और कंडक्टर रवि को गिरफ्तार कर गाड़ी जब्त कर ली है तथा मामले की जांच जारी है।

Share:

Comments

Leave a comment