कैथल पुलिस का बड़ा अभियान: बिना नंबर प्लेट और मॉडिफाइड वाहनों पर शिकंजा, तस्कर गिरफ्तार

कैथल जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने एक विशेष अभियान शुरू किया है। कैथल पुलिस द्वारा बिना नंबर प्लेट, मॉडिफाइड वाहन, ट्रिपल राइडिंग और बुलेट से पटाखे बजाने वालों पर एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। नियमों की अवहेलना करने वालों के नियमानुसार चालान काटे जाएंगे।
बिना नंबर प्लेट और मॉडिफाइड वाहनों पर विशेष निगरानी
डीएसपी ट्रैफिक रमेश चंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के दिशा-निर्देशों के तहत यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए जिला पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, मुख्य मार्गों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने वालों की पहचान और दस्तावेजों की जांच की जाएगी। ऐसे वाहन चोरी के मामलों में भी इस्तेमाल हो सकते हैं, इसलिए वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे नंबर प्लेट लगाकर ही वाहन चलाएं। मॉडिफाइड वाहनों और तेज आवाज वाले साइलेंसर तथा बुलेट से पटाखे बजाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ट्रिपल राइडिंग और सुरक्षा नियमों की पालना
मोटरसाइकिल पर क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर चलना सड़क दुर्घटना के दौरान गंभीर परिणामों का कारण बन सकता है। इसलिए दोपहिया वाहन चालक निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारी बैठाएं। डीएसपी रमेश चंद्र ने अपील की है कि वाहन चालक अपने सभी दस्तावेज साथ रखें, वैध नंबर प्लेट लगाएं, हेलमेट पहनें और यातायात नियमों का पालन करें।
नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, गांजा बरामद
जिला पुलिस द्वारा एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 2 अलग-अलग मामलों में 2 नशा तस्करों को काबू किया गया है। सीआईए गुहला और सीआईए कलायत की टीमों ने कार्रवाई करते हुए कुल 2 किलो 166 ग्राम गांजा फूल पत्ती बरामद की है। पहले मामले में कलायत पुलिस ने चंद्रमोहन उर्फ मोहन को 1 किलो 60 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया। दूसरे मामले में चीका पुलिस ने बिहार निवासी अक्षय मांझी को 1 किलो 106 ग्राम गांजे के साथ काबू किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज कर लिए गए हैं और उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।
ताश से जुआ खेल रहे 3 आरोपी काबू
असामाजिक तत्वों की धरपकड़ के लिए चलाई जा रही मुहिम के तहत एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने चंदाना गेट कैथल के पास एक दुकान में ताश से जुआ खेल रहे 3 आरोपियों को काबू किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 लाख 24 हजार 200 रुपए नकदी और 104 पत्ते ताश बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।