कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रक से 488 किलो डोडा पोस्त बरामद, चोरी और अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रक से 488 किलो डोडा पोस्त बरामद, चोरी और अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

कैथल जिला पुलिस द्वारा अपराधों पर लगाम लगाने के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इस ताजा कार्रवाई के मुख्य बिंदु निम्नलिखित हैं:

  • स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट कैथल ने एक ट्रक से 488 किलो 600 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है।
  • यह नशीले पदार्थ की खेप मध्य प्रदेश से पंजाब ले जाई जा रही थी, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया है।
  • चोरी के एक अन्य मामले में हरनोली पुलिस चौकी ने आरोपी प्रिंस को गिरफ्तार कर चोरीशुदा सामान बरामद किया है।
  • सीआईए कलायत पुलिस ने गश्त के दौरान एक आरोपी को 9 बोतल अवैध हथकड़ी शराब सहित काबू किया है।

कैथल /19 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स /नरेश कुमार

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट कैथल की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई

कैथल जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट कैथल ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने एक ट्रक से 488 किलो 600 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने नशीले पदार्थ की खेप को ट्रक में छिपाकर ले जा रहे चालक को काबू कर लिया है और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। बरामद किए गए इस नशे की कीमत करीब 90 लाख रुपये आंकी जा रही है।

स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट से एएसआई जसबीर सिंह की टीम अपराधों की रोकथाम के संबंध में गश्त पर थी। गांव मोहना क्षेत्र में पुलिस टीम को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। यह सूचना एनएच-152डी पर नारनौल की तरफ से आ रहे एक लाल रंग के आईसर 6 टायरी ट्रक नंबर PB-11-CN-9737 के संबंध में थी, जिसमें भारी मात्रा में डोडा पोस्त रखा हुआ था। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने एनएच-152डी पर मोहना टोल से अम्बाला की तरफ लगभग एक किलोमीटर दूरी पर नाकाबंदी शुरू कर दी।

नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम नारनौल की तरफ से आने वाले वाहनों पर लगातार नजर रख रही थी। कुछ समय बाद वही लाल रंग का आईसर 6 टायरी ट्रक नंबर PB-11-CN-9737 आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने तुरंत ट्रक को रुकवाकर उसकी जांच की। ट्रक चालक की पहचान संदीप सिंह निवासी गांव सफदरपुर, जिला पटियाला, हाल निवासी राजपुरा, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस सूचना मिलने के उपरांत मौके पर पहुंचे डीएसपी सुशील प्रकाश के समक्ष ट्रक की तलाशी ली गई।

जांच के दौरान ट्रक में ग्लूकोज के डिब्बे लदे हुए दिखाई दिए। ट्रक के अंदर ग्लूकोज के डिब्बों के पीछे काले रंग के प्लास्टिक के कट्टे छिपाकर रखे हुए थे। ट्रक से कुल 22 कट्टे बरामद किए गए। नियमानुसार जांच करने पर इन 22 कट्टों से कुल 488.600 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना पूंडरी में मामला दर्ज करके एसडीयू से मौके पर पहुंचे एएसआई तरसेम कुमार द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और नशा तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि नशीले पदार्थ की यह खेप मध्य प्रदेश से पंजाब क्षेत्र में सप्लाई की जानी थी। आरोपी का वीरवार को न्यायालय से पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, जिससे इस मामले में आगे की पूछताछ की जा रही है।

घर में चोरी के मामले में चौकी हरनोली पुलिस द्वारा आरोपी काबू

जिला पुलिस द्वारा अपराधों पर अंकुश लगाने तथा चोरी की वारदातों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में घर में चोरी के मामले की जांच चौकी हरनोली पुलिस प्रभारी एएसआई दयानन्द की अगुवाई में एचसी कुलबीर की टीम द्वारा करते हुए आरोपी पटियाला निवासी प्रिंस को काबू कर लिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि शक्ति नगर, वार्ड नंबर 5, चीका निवासी धनंजय राय की शिकायत के अनुसार 24 जून 2026 को सुबह करीब 3 बजे से 5 बजे के बीच उसके घर में चोरी की वारदात हुई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार चोर घर से एक एलईडी, एक गैस सिलेंडर, एक मोबाइल फोन तथा अन्य छोटी-मोटी घरेलू वस्तुएं चोरी करके ले गया था। इस संबंध में थाना चीका में मामला दर्ज किया गया था। आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा गैस सिलेंडर व एलईडी बरामद कर ली गई है। आरोपी को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

सीआईए कलायत पुलिस द्वारा आरोपी काबू, 9 बोतल अवैध शराब बरामद

अवैध शराब और खुर्दे का धंधा करने वाले आरोपियों पर एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार सख्त शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में सीआईए कलायत पुलिस द्वारा एक आरोपी को 9 बोतल अवैध हथकड़ी शराब सहित काबू कर लिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए कलायत पुलिस के एचसी देवेंद्र सिंह व सिपाही रूप सिंह की टीम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी। इस गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव मटौर से कलासर रोड पर रजवाहा पुल पर दबिश देकर आरोपी गांव भालंग निवासी रमेश कुमार को काबू कर लिया। जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से प्लास्टिक के कट्टे से 9 बोतल अवैध हथकड़ी शराब बरामद की गई। इस बारे में थाना कलायत में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Share:

Comments

Leave a comment