कैथल में पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाला आरोपी राहुल उर्फ बच्ची गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद

कैथल, 09 अगस्त: जान से मारने की नियत से पुलिस टीम पर फायरिंग करने के मामले में थाना कलायत पुलिस के एएसआई राजीव कुमार की टीम द्वारा आरोपी राहुल उर्फ बच्ची पुत्र देशराज निवासी राजनगर टोहाना को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना से जुड़ी मुख्य बातें इस प्रकार हैं:
- आरोपी राहुल उर्फ बच्ची टोहाना का रहने वाला है और उस पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
- पुलिस टीम पर फायरिंग के दौरान जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया था।
- आरोपी के पास से अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद किया गया है।
कैसे हुई थी घटना
पुलिस प्रवक्ता ने बताया की 6 अगस्त की रात सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार की टीम को रात की गश्त दौरान सूचना मिली थी कि टोहाना निवासी एक आरोपी अवैध पिस्टल के साथ बाता चोशाला रोड पर मौजूद है। यह आरोपी पूंडरी व बाता में कई चोरी की वारदात करने के मामलों में वांछित था। रात्री करीब 1 बजे पुलिस टीम द्वारा बाता चोशाला रोड पर दबिश दी गई। वहां एक संदिग्ध युवक ने पुलिस पार्टी को देखकर भागने का प्रयास किया तथा अपने अवैध पिस्टल से पुलिस की तरफ फायर कर दिया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई और गिरफ्तारी
पुलिस टीम द्वारा उसे आत्मसमर्पण करने के लिए वार्निंग देते हुए हवाई फायर किए गए। आरोपी ने दोबारा से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा एवं आरोपी को काबू करने के उद्देश्य से नियंत्रित जवाबी कार्रवाई करते हुए उसकी टांगों की ओर फायर किया। इस दौरान एक गोली आरोपी की बाईं टांग में लगी, जिससे वह मौके पर गिर गया। पुलिस टीम ने तत्काल उसे काबू कर लिया। घायल आरोपी की पहचान टोहाना निवासी राहुल उर्फ बच्ची के रूप में हुई।
बरामदगी और दर्ज आपराधिक मामले
आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल तथा एक कारतूस बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ पुलिस टीम पर फायरिंग करने के आरोप तहत थाना कलायत में मामला दर्ज किया गया तथा आरोपी को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल कैथल में भर्ती कराया गया। अस्पताल से छुट्टी मिलने उपरांत आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पर बाता व पूंडरी में चोरी के 2 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा आरोपी पर पहले राजस्थान सीकर के थाना उद्योग नगर में स्नैचिंग, चोरी के 5 मामले, रावतसर राजस्थान में चोरी के 3 मामले, कोटा राजस्थान में डकैती के दो मामले, सिटी टोहाना में चोरी के 3 मामले सहित कुल 15 मामले दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।