कैथल में एसपी की सोशल मीडिया एडवाइजरी जारी, महंत चरस मामले में गिरफ्तार और 4 शराब तस्कर काबू

कैथल में एसपी की सोशल मीडिया एडवाइजरी जारी, महंत चरस मामले में गिरफ्तार और 4 शराब तस्कर काबू

कैथल पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के लिए एडवाइजरी जारी की है। आधुनिक तकनीक के इस दौर में सोशल मीडिया हमारे दैनिक जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। यह लोगों को जोड़ने और जानकारी साझा करने का एक सशक्त माध्यम है। इसका गलत या लापरवाही पूर्ण उपयोग कई बार परेशानी का कारण भी बन जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए कैथल पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने आमजन को सोशल मीडिया के सुरक्षित व जिम्मेदार उपयोग के लिए एडवाइजरी जारी की है।

सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग करते समय हमेशा सतर्क रहें। किसी भी अनजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें। कई साइबर अपराधी फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को जाल में फंसा लेते हैं। वे लोगों की निजी जानकारी का दुरुपयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर साझा की जाने वाली फोटो, वीडियो या व्यक्तिगत जानकारी गलत हाथों में जा सकती है। यह अपराध का माध्यम बन सकती है, इसलिए सोच-समझकर ही कोई पोस्ट या जानकारी शेयर करें। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया अकाउंट का पासवर्ड मजबूत रखें। उसे समय-समय पर बदलते रहें। अकाउंट में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का उपयोग करें ताकि कोई अनधिकृत व्यक्ति उसमें प्रवेश न कर सके। किसी भी संदिग्ध लिंक, स्कीम या संदेश पर क्लिक न करें। साइबर ठग इन्हीं माध्यमों से ठगी की घटनाएं अंजाम देते हैं। एसपी ने कहा कि अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखें। उन्हें यह समझाएं कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति से बातचीत या फोटो साझा न करें। सोशल मीडिया का उपयोग केवल सकारात्मक और रचनात्मक उद्देश्यों के लिए करें। उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ सोशल मीडिया के माध्यम से धोखाधड़ी, धमकी, ब्लैकमेलिंग या आपत्तिजनक पोस्ट की घटना होती है, तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें। अपनी शिकायत दर्ज करें। एसपी ने कहा कि सोशल मीडिया का जिम्मेदार और सुरक्षित उपयोग न केवल व्यक्ति की निजता और प्रतिष्ठा की रक्षा करता है, बल्कि साइबर अपराधों की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

महंत दुजपुरी गिरफ्तार

चौंकी सगंतपुरा पुलिस द्वारा आरोपी महंत को गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना सदर क्षेत्र के गांव बाबा लदाना में स्थित डेरा बाबा राजपुरी के महंत रहे दुजपुरी को चौंकी संगतपुरा पुलिस प्रभारी एसआई बलराज की टीम द्वारा नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया। डीएसपी बीर भान ने बताया कि न्यायालय के आदेशानुसार 7 सितंबर को एक तलाशी अभियान चलाया गया था। इस टीम में ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार कैथल रविन्द्र सिंह, हल्का पटवारी ईश्वर सिंह, कानूनगो राजेश, डीएसपी मुख्यालय कैथल बीर भान तथा थाना सदर प्रभारी एसआई कुलदीप सिंह शामिल थे। डेरा बाबा राजपुरी में तलाशी ली गई थी। तलाशी के दौरान महंत दुजपुरी के विश्राम कक्ष में बनी अलमारी के अंदर से पॉलीथिन बरामद हुआ। इसमें 639 ग्राम नशीला पदार्थ चरस यानी सुल्फा बरामद हुआ था। इस बारे थाना सदर में मामला दर्ज कर लिया गया था। आगामी जांच चौंकी संगतपुरा प्रभारी एसआई बलराज सिंह द्वारा की जा रही है। आरोपी को माननीय अदालत के आदेशानुसार प्रोडक्शन वारंट पर लिया गया। वह साधु शिव शंकर पुरी की हत्या के मामले में जिला कैथल जेल में बंद था। आरोपी से व्यापक पूछताछ के लिए अदालत से आरोपी का 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

शराब तस्करी के मामलों में 4 आरोपी गिरफ्तार

जिला कैथल पुलिस द्वारा अवैध शराब तैयार करने व बेचने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार पुलिस ने अलग-अलग 4 मामलों में 4 आरोपियों को काबू कर लिया है। उनके कब्जे से कुल 715 लीटर लाहण तथा 30 बोतल हथकड़ी शराब बरामद कर ली गई है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पहले मामले में थाना राजौंद पुलिस के एचसी आशीष कुमार की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। गांव राजौंद से संतोख माजरा जाने वाली सड़क पर स्थित राजौंद निवासी रणबीर के खेत के कोठे पर दबिश दी गई। आरोपी रणबीर सिंह को काबू कर लिया गया। जांच दौरान कोठे में रखे दो प्लास्टिक ड्रमों से 300 लीटर लाहण बरामद हुआ। दूसरे मामले में थाना राजौंद पुलिस के पीएसआई सुनील कुमार की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। राजौंद-संतोख माजरा रोड पर स्थित वार्ड नंबर 1 राजौंद निवासी सुरेंद्र के खेत में बने मुर्गी फार्म पर दबिश दी गई। आरोपी सुरेंद्र को काबू कर लिया गया। जांच दौरान प्लास्टिक ड्रम से 100 लीटर लाहण तथा एक प्लास्टिक कैनी से 30 बोतल अवैध शराब बरामद हुई। तीसरे मामले में एंटी नारकोटिक सैल कैथल के एचसी सुनील कुमार व सिपाही कैलाश की टीम को गुप्त सूचना मिली। गांव सांपनखेड़ी निवासी जसबीर सिंह के पशु बाड़े पर दबिश देकर आरोपी जसबीर सिंह को काबू कर लिया गया। जांच दौरान लोहे के ड्रम से 180 लीटर लाहण बरामद हुआ। एक अन्य मामले में थाना शहर कैथल पुलिस के एचसी सतबीर की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। डेरा गरजा सिंह पट्टी अफगान कैथल निवासी गुरमीत सिंह के मकान के पीछे जीरी के खेत में दबिश दी गई। आरोपी गुरमीत सिंह को काबू कर लिया गया। जांच दौरान खेत की मेड़ पर रखी 9 प्लास्टिक कैनियों से 135 लीटर लाहण बरामद हुआ। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मामले दर्ज कर लिए गए हैं। नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Share:

Comments

Leave a comment