कैथल में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से सड़कों पर फैला कचरा, जगह-जगह लग रहे हैं कचरे के ढेर और लग रही आग

कैथल शहर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का असर अब सड़कों पर साफ दिखाई देने लगा है। नगर परिषद और नगर पालिकाओं में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो चुकी है। इस कारण से शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए हैं। कई स्थानों पर तो कचरा सड़कों तक फैल गया है। इससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कचरे का उठान नहीं होने के कारण अब लोग इसमें आग भी लगाने लगे हैं। वीरवार सुबह खनौरी बाइपास पर दो स्थानों पर कचरे में आग लगाए जाने का मामला सामने आया है। छह अगस्त से चल रही इस हड़ताल के कारण कैथल शहर के साथ-साथ पूंडरी, कलायत, राजौंद, सीवन और गुहला-चीका में करीब 1500 टन कचरा जमा हो चुका है।
शहर के मुख्य मार्गों और रिहायशी क्षेत्रों का बुरा हाल
कई मुख्य मार्गों और रिहायशी क्षेत्रों में कचरा बिखरा होने के कारण लोगों को दुर्गंध और गंदगी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। सड़कों पर फैले इस कचरे में गोवंश भी मुंह मार रहे हैं। इससे सड़क पर बड़े हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है। करनाल रोड, ढांड रोड, पटियाला रोड, पुराना बस अड्डा रोड, जींद रोड, मॉडल टाउन, सेक्टर 19, 20 व 21, विश्वकर्मा चौक, न्यू करनाल रोड, राम नगर, कबूतर चौक, सब्जी मंडी रोड, रेलवे गेट, जनकपुरी कॉलोनी, बैंक कॉलोनी, शक्ति नगर, प्रताप गेट और रामलीला मैदान के आसपास कचरा जमा है। कई जगह कचरा सड़क के किनारे से निकलकर रास्ते तक पहुंच गया है। लोगों को अपने मुंह पर कपड़ा रखकर वहां से निकलना पड़ रहा है।
विकास कार्य और जरूरी दस्तावेज भी हुए प्रभावित
हड़ताल का असर केवल सफाई व्यवस्था तक ही सीमित नहीं है। नगर परिषद और नगर पालिकाओं के कार्यालय बंद रहने के कारण विकास कार्यों से जुड़े काम भी पूरी तरह से प्रभावित हो रहे हैं। प्रॉपर्टी आईडी में त्रुटियां ठीक करवाने, प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने समेत अन्य जरूरी कार्यों के लिए लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। अपनी मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों समेत नगर परिषद व पालिका के कर्मचारियों ने अपना आंदोलन लगातार जारी रखा हुआ है। कर्मचारियों ने नगर परिषद कार्यालय में 24 घंटे का धरना शुरू कर दिया है। कर्मचारियों का साफ कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर समाधान नहीं होता, तब तक उनका यह आंदोलन जारी रहेगा।
प्रशासन ने बनाई नई योजना
जिला पालिका आयुक्त कपिल शर्मा ने गुरुवार को इस पूरे मामले पर जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण कचरा जमा होने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इसे देखते हुए अब कचरा उठान के लिए एक नई प्लानिंग तैयार की जाएगी। इस संबंध में सभी नगर परिषद के ईओ और नगर पालिकाओं के सचिवों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। जिला पालिका आयुक्त ने आम लोगों से यह विशेष अपील भी की है कि वे कचरे में आग बिल्कुल न लगाएं।