कैथल में समाधान शिविर का आयोजन: जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही नहीं की जाएगी बर्दाश्त, एडीसी ने सुनीं समस्याएं

Team Atal Hind10 August 20262 min read26 viewsकैथल
कैथल में समाधान शिविर का आयोजन: जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही नहीं की जाएगी बर्दाश्त, एडीसी ने सुनीं समस्याएं

आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करने के उद्देश्य से सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें एडीसी सुशील कुमार ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। इस शिविर में अतिक्रमण, अवैध कब्जा, राजस्व एवं भूमि से संबंधित शिकायतें पहुंचीं और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी

एडीसी सुशील कुमार ने दिए अधिकारियों को निर्देश

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

एडीसी सुशील कुमार ने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत दिलाना है। इसलिए शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय सीमा में नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिविर में अतिक्रमण, अवैध कब्जा, पुलिस प्रशासन, पेंशन, राजस्व एवं भूमि से संबंधित कई शिकायतें पहुंचीं जिन पर तुरंत संज्ञान लिया गया।

सड़क किनारे रेत व बजरी के ढेरों को लेकर कार्रवाई के निर्देश

शमशेर सिंह ने विश्वकर्मा चौक से चीका बाईपास नाका तक सड़क किनारे बिल्डिंग मैटेरियल की दुकानों द्वारा रेत व बजरी के ढेर लगाने तथा ट्रकों के आवागमन में परेशानी की शिकायत दी। इस पर एडीसी ने लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं गांव क्योड़क निवासी जतिन ने गांव में स्थित जमीन पर अवैध कब्जा करने संबंधित शिकायत दी और गांव कुतबपुर निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि न्यायालय के आदेश के बावजूद उन्हें खेत तक रास्ता उपलब्ध नहीं करवाया गया है।

दीवार विवाद और पुलिस जांच में देरी की भी रखी गई शिकायत

दोनों मामलों में एडीसी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार जनकपुरी बस्ती निवासी एक व्यक्ति ने दीवार विवाद से जुड़े मामले में समझौते की राशि नहीं मिलने, जान से मारने की धमकी तथा पुलिस जांच में देरी की शिकायत रखी। एडीसी ने सभी शिकायतों की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम संजय कुमार, डीएसपी सुशील प्रकाश, एमिनेंट पर्सन शक्ति सौदा, सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Share:

Comments

Leave a comment