कैथल में समाधान शिविर: एसडीएम संजय कुमार व सीटीएम कैप्टन प्रमेश ने सुनीं शिकायतें, त्वरित निस्तारण के निर्देश

Team Atal Hind16 June 20262 min read3 viewsकैथल
कैथल में समाधान शिविर: एसडीएम संजय कुमार व सीटीएम कैप्टन प्रमेश ने सुनीं शिकायतें, त्वरित निस्तारण के निर्देश
समाधान शिविर में एसडीएम और सीटीएम ने सुनीं जन शिकायतें
प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से करें निस्तारण, प्रार्थी को बार-बार शिकायत करने की आवश्यकता न पड़े
कैथल/ 15 जून 2026 / अटल हिन्द ब्यूरो
हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार आयोजित समाधान शिविर में सोमवार को एसडीएम संजय कुमार और सीटीएम कैप्टन प्रमेश कुमार ने आमजन की शिकायतें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग शिकायतों को पूरी गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी नागरिक को एक ही समस्या के लिए बार-बार समाधान शिविर या सीएम विंडो का सहारा न लेना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता को बुलाकर उसकी समस्या का समाधान किया जाए तथा समाधान के बाद पोर्टल पर विस्तृत एक्शन टेकन रिपोर्ट अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए। जिन शिकायतों का समाधान संभव नहीं है, उन्हें जांच रिपोर्ट सहित नियमानुसार निस्तारित कर पोर्टल पर अपडेट किया जाए। उन्होंने कहा कि लंबित शिकायतों के निपटारे में तेजी लाई जाए और शिकायतों से संबंधित सभी विवरण पोर्टल पर स्पष्ट रूप से दर्ज किए जाएं, ताकि शिकायतें दोबारा लंबित या पुन: ओपन न हों।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें ग्राम पंचायत सजूमा में कथित वित्तीय अनियमितताओं एवं विकास कार्यों की जांच करवाने की मांग प्रमुख रही।
इसके अलावा कैथल शहर के शक्ति नगर क्षेत्र के निवासियों ने टूटी हुई गली, जल निकासी व्यवस्था की खराब स्थिति तथा नियमित सफाई नहीं होने की शिकायत रखते हुए गली के पुनर्निर्माण और सफाई व्यवस्था में सुधार की मांग की।
एक अन्य शिकायत में पूंडरी क्षेत्र के निवासी ने बिजली विभाग के समक्ष पुराना बिजली कनेक्शन बंद करवाने और बकाया राशि जमा कराने के बावजूद भी विभाग द्वारा दोबारा से बिल भरने का नोटिस दिया है, जबकि खुले दरबार में रियायत के हिसाब से बिल भर दिया था। शिकायतकर्ता ने मामले के समाधान और खाते को बंद करने की मांग की।
वहीं गांव सजूमा निवासी एक किसान ने नेट हाउस में आग लगने से हुए भारी नुकसान के संबंध में आर्थिक सहायता की मांग की।
एसडीएम संजय कुमार और सीटीएम कैप्टन प्रमेश ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा निर्धारित समय सीमा में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment