कैथल समाधान शिविर में एसडीएम संजय कुमार ने सुनी आमजन की समस्याएं और दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश

कैथल समाधान शिविर में एसडीएम संजय कुमार ने सुनी आमजन की समस्याएं और दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश

कैथल में आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में एसडीएम संजय कुमार ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय सीमा में उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।

गांव अटैला और खानपुर की समस्याएं

समाधान शिविर में गांव अटैला निवासी एक व्यक्ति ने गांव की फिरनी पर अतिक्रमण की शिकायत रखी। उन्होंने बताया कि खनौरी माइनर के घाट से स्कूल के गेट तक फिरनी पर गोबर के उपले रखे जाने से रास्ता अवरुद्ध हो रहा है। इससे आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने फिरनी से उपले हटवाने तथा भविष्य में वहां इस प्रकार का अतिक्रमण न होने देने की मांग की। गांव खानपुर के कुछ ग्रामीणों ने खेतों को जाने वाले पुराने रास्ते पर अवैध कब्जे और अतिक्रमण की शिकायत दी। ग्रामीणों ने बताया कि रास्ते पर मकान, रैंप और चबूतरे बनाए जाने के कारण रास्ता संकरा हो गया है। इससे ट्रैक्टर, कंबाइन और अन्य कृषि मशीनरी को खेतों तक ले जाने में परेशानी होती है। ग्रामीणों ने रास्ते की राजस्व विभाग एवं पंचायत के माध्यम से पैमाइश करवाने, अवैध निर्माण हटाने तथा रास्ते में स्थित बिजली के पोल को स्थानांतरित करवाने की मांग की।

हाबड़ी गांव की शिकायत और अधिकारियों को निर्देश

गांव हाबड़ी निवासी जसबीर ने मकान की दीवार को ट्रैक्टर से टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त किए जाने की शिकायत दी। उन्होंने मामले में कार्रवाई करने तथा मकान की मरम्मत का खर्च दिलवाने की मांग की। इसके अलावा समाधान शिविर में पेंशन और परिवार पहचान पत्र सहित अन्य शिकायतें आईं। एसडीएम संजय कुमार ने सभी शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके की जांच करने और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य आमजन को अपनी शिकायतों के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध करवाना है। अधिकारी शिकायतों के निपटारे में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें और नागरिकों को राहत पहुंचाना प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment