कैथल में 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने दी जानकारी

कैथल में 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने दी जानकारी

कैथल/15 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

कैथल में हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा और विकसित भारत के संकल्प को समर्पित सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। यह एक माह तक चलने वाला अभियान है। इस अभियान के दौरान ‘जन सेवा ही प्रभु सेवा’ की भावना को ध्यान में रखते हुए विभिन्न सामाजिक, जनकल्याणकारी और सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मंत्री कृष्ण कुमार बेदी यह जानकारी मंगलवार को कपिल कमल कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दे रहे थे। इस दौरान उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर चर्चा

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि सात अक्टूबर 2001 को नरेन्द्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद पिछले 25 वर्षों में उन्होंने निरंतर सार्वजनिक जीवन में रहते हुए देश और समाज की सेवा की है। गुजरात के विकास मॉडल से लेकर विकसित भारत के संकल्प तक उन्होंने हमेशा सुशासन, विकास और जनकल्याण को अपनी प्राथमिकता बनाया है।

विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों की रूपरेखा

मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत शाम सात बजे बूथ स्तर पर तथा विशेष रूप से विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में दीया जलाया जाएगा। इसके साथ ही जिले में विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा।

मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा गतिविधि के तहत स्कूलों में भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया जाएगा। नमो सेवा-अनकही कहानियां कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, कल्याणकारी योजनाओं और विकासात्मक बदलावों को नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। आंगन मिलन सेवा के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

कल्याणकारी योजनाओं और कलश यात्रा की जानकारी

इसी प्रकार सेवा की कहानियां के तहत केंद्र व प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों की सफलता की कहानियां तैयार की जाएंगी। सेवा ज्योति कलश यात्रा को जिले के सभी खंडों से निकाला जाएगा और एक निश्चित स्थान पर पहुंचने के बाद जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सेवा मेरा योगदान के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, रक्तदान सहित अन्य सेवा गतिविधियां संपन्न होंगी।

वहीं सेवा सेतु के माध्यम से सभी खंडों में विशेष शिविर लगाकर आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। मंत्री ने यह भी बताया कि दो अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा और साथ ही एक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा इस अभियान के तहत अन्य कई प्रकार के सामाजिक एवं जनसेवा कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

Share:

Comments

Leave a comment