कैथल में सर्पदंश से दो बच्चों की दर्दनाक मौत, अलग-अलग घटनाओं में जहरीले सांप ने काटा

कैथल में सर्पदंश से दो बच्चों की दर्दनाक मौत, अलग-अलग घटनाओं में जहरीले सांप ने काटा

कैथल जिले में सर्पदंश के दो दर्दनाक मामले सामने आए हैं। अलग-अलग स्थानों पर जहरीले सांप के काटने से 10 वर्षीय बच्चे और तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई है। दोनों बच्चों को परिजन गंभीर हालत में कैथल के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

शुगर मिल कॉलोनी की घटना

पहली घटना कैथल की शुगर मिल कॉलोनी की है। यहां 10 वर्षीय हर्ष अपने परिवार के साथ कमरे में बेड पर सो रहा था। इसी दौरान झाड़ियों की तरफ से एक सांप आया और बेड पर चढ़ गया। सांप ने हर्ष को पेट व बाजू के पास डस लिया। नींद से जागने के बाद बच्चे ने परिजनों को बताया कि उसे चूहे ने काटा है। परिजनों ने जब कमरे में सांप देखा तब उन्हें असली घटना का पता चला। परिजनों ने सांप को मार दिया और हर्ष को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

हर्ष के परिवार की स्थिति

परिजनों के अनुसार हर्ष छठी कक्षा में पढ़ता था। उसके पिता संजय की करीब चार महीने पहले हार्ट अटैक से मौत हो चुकी है। परिवार में अब उसकी मां रीना और बड़ा भाई चिराग हैं। रीना मजदूरी और विधवा पेंशन के सहारे परिवार का पालन-पोषण कर रही थी। बेटे की मौत के बाद परिवार में गहरा मातम पसरा हुआ है।

गांव गदली की घटना

दूसरी घटना कैथल के गांव गदली की है। यहां तीन वर्षीय रंगोली अपने माता-पिता के बीच जमीन पर सो रही थी। सुबह करीब चार बजे बच्ची के रोने की आवाज सुनकर परिजन जागे। बच्ची के शरीर पर सांप के काटने के निशान मिले। परिजन पहले बच्ची को एक मेडिकल स्टोर पर लेकर गए। वहां से उन्हें बच्ची को नागरिक अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल में बिगड़ी हालत

रंगोली के पिता सुभाष कुमार ने बताया कि सांप के काटने के बाद बच्ची लगातार रो रही थी। अस्पताल पहुंचने तक बच्ची की हालत काफी बिगड़ चुकी थी। उन्होंने बताया कि अब उनके परिवार में उनकी केवल एक ही बेटी रह गई है। इन दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने दोनों शवों को नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद बच्चों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए हैं।

Share:

Comments

Leave a comment