कैथल: ग्यारह रुद्री मंदिर में मेला देखने गए दोस्तों पर हमला, झगड़ा छुड़ाने पर युवक को घोंपा सुआ

कैथल: ग्यारह रुद्री मंदिर में मेला देखने गए दोस्तों पर हमला, झगड़ा छुड़ाने पर युवक को घोंपा सुआ

कैथल में जन्माष्टमी का मेला देखने गए दो दोस्तों के साथ बड़ी घटना सामने आई है। श्री ग्यारह रुद्री मंदिर में मेला देखने पहुंचे दो युवकों को वहां चल रहे दो गुटों के झगड़े में बीच-बचाव करना भारी पड़ गया। झगड़ा छुड़ाने की कोशिश करने पर दो युवकों ने दोनों दोस्तों पर पंक्चर लगाने वाले सुए और लात-मुक्कों से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल युवक को उपचार के लिए पहले अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया।

शक्ति नगर निवासी अंकुश ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में पूरी घटना की जानकारी दी है। अंकुश ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी का काम करता है। चार सितंबर की शाम करीब आठ बजे वह अपने दोस्त अरुण के साथ ग्यारह रुद्री मंदिर में जन्माष्टमी का मेला देखने गया था। रात करीब नौ बजे जब वे मंदिर परिसर में घूम रहे थे, तब उन्होंने कुछ युवकों को आपस में झगड़ते हुए देखा। अंकुश के अनुसार, वह झगड़ रहे कुछ युवकों को अच्छी तरह से पहचानता था। दोनों दोस्तों ने आपसी विवाद को शांत कराने और उन युवकों को अलग करने का पूरा प्रयास किया।

राहुल और मंदीप पर लगा मारपीट और सुआ घोंपने का गंभीर आरोप

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

अंकुश ने पुलिस को शिकायत में बताया कि विवाद शांत कराने के दौरान ही राहुल और मंदीप ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। अंकुश के मुताबिक राहुल ने अपने हाथ में लिए हुए पंक्चर लगाने वाले सुए से उसके पेट के बाईं तरफ वार कर दिया। इस हमले के तुरंत बाद दोनों आरोपियों ने लात-मुक्कों से भी दोनों दोस्तों की बुरी तरह पिटाई की।

घायल युवक रोहतक पीजीआई रेफर, पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुटने लगी, जिसे देखकर दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। परिजनों ने घायल अंकुश को उपचार के लिए तुरंत अस्पताल पहुंचाया। चोट बहुत अधिक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार अभी चल रहा है। शहर थाना पुलिस के जांच अधिकारी मंजीत ने बताया कि घायल की शिकायत के आधार पर राहुल और मंदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच के आधार पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Comments

Leave a comment