कैथल में एंटी नारकोटिक सैल ने पंजाब नंबर की स्विफ्ट गाड़ी से 264 ग्राम हेरोइन सहित तीन नशा तस्कर किए काबू

कैथल क्षेत्र से एंटी नारकोटिक सैल ने पंजाब निवासी तीन नशा तस्करों को 264 ग्राम हेरोइन यानी चिट्टा सहित काबू किया है। इस मामले में पहले स्कोर्पियो गाड़ी लिखा गया था, जबकि यह पंजाब नंबर की स्विफ्ट गाड़ी है। बरामद किए गए इस नशे की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपए आंकी गई है। जिला पुलिस द्वारा एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशों के अनुसार आमजन को नशा ना करने के बारे में जागरूक किया जा रहा है और नशा तस्करों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।
सीवन बाईपास पर नाकाबंदी के दौरान पकड़े गए आरोपी
डीएसपी रमेश चंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि एंटी नारकोटिक सैल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एसआई जय भगवान की टीम सीवन बाईपास पर गश्त कर रही थी। पुलिस टीम को यह गुप्त सूचना मिली थी कि पंजाब नंबर की एक स्विफ्ट गाड़ी में तीन युवक सवार हैं। यह युवक नशीला पदार्थ हेरोइन यानी चिट्टा बेचने के लिए चीका की तरफ से आ रहे हैं और अंबाला रोड कैथल की तरफ जाएंगे। सूचना के विश्वसनीय होने के कारण पुलिस टीम द्वारा अंबाला रोड कैथल पर नाकाबंदी की गई।
गाड़ी को मोड़कर भागने का प्रयास कर रहे थे आरोपी
कुछ समय के बाद पुलिस टीम को बताए गए नंबर की गाड़ी आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम द्वारा जब गाड़ी को रुकने का इशारा किया गया, तब चालक ने गाड़ी को वापस मोड़कर भागने का पूरा प्रयास किया। पुलिस कर्मचारियों ने अपनी पूरी तत्परता दिखाते हुए गाड़ी को रोक लिया और उसमें सवार तीनों व्यक्तियों को मौके पर ही काबू कर लिया।
गाड़ी की तलाशी लेने पर बरामद हुआ नशीला पदार्थ
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव मालू वाला जिला तरनतारन पंजाब निवासी विशाल, गांव मुसे खुर्द वाला जिला तरनतारन पंजाब निवासी अजयदीप तथा हरप्रीत के रूप में हुई है। पुलिस सूचना मिलने के बाद मौके पर डीएसपी कैथल रमेश चंद्र पहुंचे। उनके समक्ष जब गाड़ी की तलाशी ली गई, तो आगे की दोनों सीटों के बीच बने बॉक्स से काले रंग की पॉलीथिन में एक पारदर्शी पन्नी से 264 ग्राम नशीला पदार्थ हेरोइन यानी चिट्टा बरामद हुआ।
मामला दर्ज कर आरोपियों को अदालत में किया जाएगा पेश
इस पूरे मामले को लेकर थाना शहर में मामला दर्ज कर लिया गया है। मौके पर पहुंचे एएसआई जगभान सिंह द्वारा तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब इन तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा और पुलिस द्वारा इनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।