कैथल में ट्रैक्टर धोखाधड़ी और अवैध हथियार रखने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार,

कैथल/28 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
कैथल में जिला पुलिस द्वारा आर्थिक अपराध और धोखाधड़ी के मामलों में लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशों के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में ऋण चुकाए बिना ट्रैक्टर को फाइनेंस कंपनी से मुक्त करवाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। दूसरे मामले में सीआईए-1 पुलिस ने अवैध देशी पिस्तौल और जिंदा कारतूस सहित एक अन्य आरोपी को काबू किया है।
लोन चुकाए बिना ट्रैक्टर की हाइपोथेकेशन हटवाने वाला आरोपी गिरफ्तार
स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की टीम ने लोनशुदा ट्रैक्टर की हाइपोथेकेशन फर्जी तरीके से हटवाने और वाहन को अवैध रूप से दूसरे व्यक्ति के नाम ट्रांसफर करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। एएसआई तरसेम कुमार की टीम ने गांव बात्ता निवासी आरोपी अमरजोत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि वास्तु फिनसर्व इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के एरिया कलेक्शन मैनेजर महावीर ने इस संबंध में शिकायत दी थी। कंपनी ने गांव बात्ता निवासी अमरजोत को महिंद्रा अर्जुन 555 डीआई ट्रैक्टर लोन पर दिया था। लोन की शर्तों के अनुसार ट्रैक्टर कंपनी के पास हाइपोथेकेट था और इसकी जानकारी आरटीए रिकॉर्ड में भी दर्ज की गई थी।
अमरजोत का लोन खाता अभी पूरी तरह चालू है और पूरी लोन राशि का भुगतान अभी बाकी है। लोन खाता डिफॉल्ट होने के बाद कंपनी की कलेक्शन टीम ने अमरजोत से ईएमआई जमा कराने के लिए संपर्क किया था। आरोपी लगातार भुगतान करने का आश्वासन देता रहा, लेकिन उसने बकाया राशि जमा नहीं कराई। इसके बाद कंपनी ने जमीनी स्तर पर वाहन और लोन से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की। जांच के दौरान कंपनी को पता चला कि उसकी ओर से ट्रैक्टर के संबंध में कोई भी एनओसी जारी नहीं की गई थी। इसके बावजूद बिना लोन चुकाए और बिना किसी वैध एनओसी के आरटीए रिकॉर्ड से कंपनी का हाइपोथेकेशन रद्द करवा दिया गया।
नया लोन करवाकर वाहन दूसरे व्यक्ति के नाम ट्रांसफर किया
हाइपोथेकेशन हटवाने के बाद उक्त ट्रैक्टर को तारा सिंह निवासी गांव व डाकखाना तांगोर, जिला कुरुक्षेत्र के नाम ट्रांसफर कर दिया गया था। इसके बाद उस वाहन पर एक अन्य कंपनी से नया लोन करवाकर उसकी हाइपोथेकेशन भी दर्ज करवा दी गई। इस पूरी धोखाधड़ी के बारे में थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज किया गया है। व्यापक और गहन पूछताछ के लिए पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है। इस मामले में पुलिस आगे की सभी कानूनी कार्रवाई तेजी से कर रही है।
सीआईए-1 ने अवैध देशी पिस्तौल और कारतूस के साथ आरोपी को दबोचा
अवैध हथियार रखने वाले आरोपियों के खिलाफ एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सीआईए-1 पुलिस ने एक आरोपी को काबू करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने यह जानकारी साझा करते हुए बताया कि सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह की अगुवाई में सिपाही विजय कुमार को एक गुप्त सूचना मिली थी।
गुप्त सूचना के आधार पर सीआईए-1 के एएसआई रघुबीर सिंह की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एनएच-152 से गांव प्यौदा जाने वाली सड़क पर दबिश दी। पुलिस टीम ने वहां वाहन का इंतजार कर रहे एक संदिग्ध युवक को मौके पर ही काबू कर लिया। पूछताछ में संदिग्ध युवक की पहचान गुरदेव निवासी गांव कोयल, जिला जींद, हाल किरायेदार शुगर मिल कॉलोनी, कैथल के रूप में हुई है। जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध देशी पिस्तौल तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ थाना तितरम में नियमानुसार मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस द्वारा आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।