वीडियो में पुनीत ने कहा कि यदि उसके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसके जिम्मेदार बिट्टू और बलजीत होंगे।
कैथल /12 मई /अटल हिन्द /नरेश कुमार
ढांड (कैथल)। गांव कौल निवासी पुनीत कुमार ने मंगलवार को एक वीडियो बनाकर “मेरे पैसे वापस करो” कहते हुए कुरुक्षेत्र में नहर में छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि वह विदेश भेजने के नाम पर हुई कथित ठगी से लंबे समय से मानसिक तनाव में था।
परिजनों के अनुसार, पुनीत तैराक था और घटना से एक दिन पहले सोमवार रात से घर से लापता था। मंगलवार को सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और उसकी तलाश शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पुनीत अपनी कार से नहर पुल पर पहुंचा, कार को किनारे खड़ा किया और अचानक नहर में कूद गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि कोई उसे रोक नहीं सका।
वीडियो में लगाए गंभीर आरोप
नहर में छलांग लगाने से पहले पुनीत ने कार के अंदर बैठकर एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने दो लोगों पर विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पुनीत ने बताया कि 2024 में उसकी मुलाकात दोमड़ा गांव निवासी बिट्टू से हुई थी, जिसने उसे अपने रिश्तेदार बलजीत से मिलवाया।
आरोप है कि बलजीत ने उसे न्यूजीलैंड भेजने का भरोसा देकर प्रक्रिया के नाम पर करीब साढ़े सात लाख रुपये ले लिए। बाद में उसे जर्मनी भेजने का झांसा दिया गया और कई बार दिल्ली बुलाया गया, लेकिन कोई काम नहीं हुआ। इसी दौरान पुनीत को पता चला कि एजेंट खुद विदेश चला गया है।
लाखों रुपये फंसे, बढ़ा तनाव
परिजनों के मुताबिक पुनीत ने विदेश जाने के लिए रिश्तेदारों से भी आर्थिक मदद ली थी। उसने स्पेन की फाइल भी लगवाई, लेकिन न तो वीजा मिला और न ही पैसे वापस आए। इसी वजह से वह लंबे समय से तनाव में था।
वीडियो में पुनीत ने कहा कि यदि उसके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसके जिम्मेदार बिट्टू और बलजीत होंगे।
परिवार का बयान
परिजनों ने बताया कि पुनीत गांव में सीएससी सेंटर चलाता था। सोमवार रात वह बिना बताए घर से निकल गया था। पत्नी ने उसे रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वह नहीं रुका। बाद में उसकी कार कुरुक्षेत्र नहर के पास मिली।
परिवार का कहना है कि उन्होंने पहले ही ढांड थाना पुलिस में एजेंटों के खिलाफ शिकायत दी हुई थी।
पुलिस जांच और सर्च ऑपरेशन जारी
ढांड थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ज्योतिसर पुलिस चौकी के अनुसार, नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन देर रात तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार तलाश में जुटी है, वहीं परिवार को उम्मीद है कि पुनीत तैराक होने के कारण सुरक्षित मिल सकता है।


