कैथल में शराब ठेके पर लूटपाट के मामले में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार, 6 दिन का पुलिस रिमांड हासिल

कैथल पुलिस द्वारा एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में आपराधिक वारदातों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट द्वारा शराब ठेके पर लूटपाट करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। कैथल जिला पुलिस को इस मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है।
शिकायत और घटना की पूरी जानकारी
पुलिस प्रवक्ता ने बताया की गांव आधंली निवासी नवाब सिंह की शिकायत अनुसार उसके पास खरकां व तारावाली ग्रुप में सिद्धु वाईन के नाम से शराब के ठेके हैं। उसके डेरा महल सिंह सब-वैंड खरकां पर सतपाल निवासी गांव ढाठरथ, जिला जींद, पिछले करीब दो वर्षों से सेल्समैन के तौर पर कार्य कर रहा था। 4 जुलाई की रात करीब 1 बजे तीन अज्ञात युवक शराब ठेके की पिछली तरफ की टीन की चद्दर काटकर अंदर घुस गए। उस समय सेल्समैन ठेके के अंदर सो रहा था। आवाज सुनकर जब उसने उठकर देखा तो तीन युवक उसके सामने खड़े थे। इनमें से एक युवक के हाथ में तलवार थी।
तलवार की नोक पर लूटपाट और तोड़फोड़
आरोपी ने सेल्समैन की गर्दन पर तलवार रखकर शोर करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद तीनों आरोपी ठेके से शराब की विभिन्न पेटियां, गल्ले में रखी करीब 25 से 30 हजार रुपये की नकदी, सेल्समैन का आधार कार्ड व मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। आरोपियों ने ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया तथा डीवीआर अपने साथ ले गए। जिस बारे थाना गुहला में मामला दर्ज किया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी और पुलिस रिमांड
मामले की जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई एस आई वीरेंद्र सिंह की टीम द्वारा करते आरोपी गांव अन्दाना जिला संगरूर पंजाब निवासी नानक उर्फ नानकु को गिरफ्तार कर लिया गया। व्यापक पूछताछ एवं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आरोपी नानक का अदालत से 6 दिन पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस इस मामले में आगे की कड़ाई से पूछताछ कर रही है।