कैथल में 5 साल की नशे की लत को हराकर मिसाल बना 27 वर्षीय मोहित, डीएसपी वीरभान ने किया सम्मानित

कैथल पुलिस की पहल से प्रेरित होकर 27 वर्षीय मोहित ने अपनी 4-5 साल पुरानी नशे की लत को हरा दिया है और अब वह अन्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक कर रहा है। जिला पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में कैथल पुलिस लगातार युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चला रही है। इस मुहिम के तहत मोहित ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और सकारात्मक सोच के बल पर नशे को अलविदा कह दिया है।
बुरी संगत ने पहुंचाया नशे की ओर और सही मार्गदर्शन ने बदली जिंदगी
डीएसपी बीर भान ने जानकारी देते हुए बताया कि कैथल निवासी मोहित पिछले करीब 4-5 वर्षों से बुरी संगत के कारण नशे का आदी हो गया था और वह अपने मां-बाप का इकलौता पुत्र है। नशे की वजह से उसका जीवन प्रभावित हुआ, लेकिन समय रहते उसे सही मार्गदर्शन मिला और उसने कैथल पुलिस, युवा मार्गदर्शन मंच कैथल, साइनिंग इंडिया फाउंडेशन कैथल तथा ब्रह्माकुमारी शाखा कैथल के कार्यक्रमों में भाग लिया। इन कार्यक्रमों में मोटिवेशनल स्पीच सुनने और मेडिटेशन करने से उसके अंदर नशा छोड़ने की दृढ़ इच्छा पैदा हुई।
अब खुद जागरूक होकर दूसरों को भी कर रहा जागरूक
मोहित पिछले करीब 2-3 महीने से किसी भी प्रकार का नशा नहीं कर रहा है और उसने अपने जीवन का उद्देश्य दूसरों को इस बुराई से बचाना बना लिया है। वह विभिन्न कार्यक्रमों में जाकर युवाओं को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्परिणामों की जानकारी देता है और युवाओं से अपील करता है कि वे निराश न हों बल्कि मजबूत इच्छाशक्ति से नशे को छोड़ें।
डीएसपी बीर भान ने सीआईए-1 स्टाफ के साथ किया सम्मानित
मोहित की इस सकारात्मक पहल के लिए डीएसपी बीर भान ने अपने कार्यालय में सीआईए-1 स्टाफ की मौजूदगी में उसे सम्मानित किया। डीएसपी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य युवाओं को नशे से बचाना और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना है। इस अवसर पर डॉ. विवेक बंसल, गौरव मित्तल अधिवक्ता, डॉ. विजय कंसल, प्रवीण जैन तथा पुलिस प्रवक्ता कैथल प्रवीण श्योकंद सहित सीआईए-1 स्टाफ के कर्मचारी मौजूद रहे।