लाडवा में कलाकृति 2026 का आयोजन: सुगनी देवी स्कूल प्रथम और यूनिक शिक्षा निकेतन दूसरे स्थान पर रहा

रोटरी, रोट्रैक्ट व इनरव्हील क्लब ने किया कलाकृति 2026 का आयोजन
सुगनी देवी स्कूल प्रथम, यूनिक शिक्षा निकेतन दूसरे स्थान पर रहा
मानव गर्ग/लाडवा/ 23 अगस्त 2026/ अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
लाडवा की रोटरी, रोट्रैक्ट व इनरव्हील क्लब की ओर से शिवाला रामकुंडी में कलाकृति 2026 का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में लाडवा व आसपास के 15 राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालयों के करीब 650 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने कला, शिल्प और अपनी रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम में संत देवी सुदीक्षा सरस्वती ने मुख्यातिथि, समाजसेवी सुनील गर्ग ने कार्यक्रम अध्यक्ष व भाजपा नेत्री मोनिका बंसल ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।
मुख्य अतिथि देवी सुदीक्षा सरस्वती ने अपने संबोधन में कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेना बहुत जरूरी है। उन्होंने रोटरी, रोट्रैक्ट और इनरव्हील क्लब की ओर से विद्यार्थियों को ऐसा बेहतरीन मंच उपलब्ध करवाने की जमकर सराहना की। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों पर खुलकर चर्चा करते हुए कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और देश को बर्बादी की ओर ले जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम अध्यक्ष सुनील गर्ग ने विद्यार्थियों की कल्पना शक्ति और अपनी कल्पनाओं को कला के माध्यम से वास्तविक रूप देने की क्षमता की सराहना की। प्रोजेक्ट चेयरमैन अमित कंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यार्थियों के लिए रंगोली, राखी मेकिंग, पेंटिंग, क्ले मॉडलिंग, नेल आर्ट, मेहंदी तथा व्यर्थ सामान से उपयोगी वस्तुएं बनाने सहित कुल सात प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के आधार पर सुगनी देवी आर्य गर्ल्स स्कूल ने ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम की। इस प्रतियोगिता में यूनिक शिक्षा निकेतन ने दूसरा तथा संजय गांधी स्कूल ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस पूरी प्रतियोगिता के दौरान निर्णायक मंडल में अनुराग, मुस्कान, आंचल और अनु ने निर्णायक की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणामों के अनुसार रंगोली प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में सीरत व तनिष्का प्रथम स्थान पर रहे। इसी तरह कनिष्ठ वर्ग में दीक्षा व माही ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। क्ले मॉडलिंग प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में जानवी प्रथम रही। वहीं कनिष्ठ वर्ग में मयंक ने प्रथम स्थान हासिल किया। पेंटिंग प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में दिवंशी प्रथम स्थान पर रही और कनिष्ठ वर्ग में शरीन ने पहला स्थान प्राप्त किया। राखी मेकिंग प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में नित्ति प्रथम रही और कनिष्ठ वर्ग में समीक्षा ने पहला स्थान हासिल किया।
व्यर्थ सामान से उपयोगी वस्तु बनाने की प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में मयंक प्रथम रहे तथा कनिष्ठ वर्ग में हेमल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नेल आर्ट प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में तन्वी प्रथम स्थान पर रही और कनिष्ठ वर्ग में मिहिका ने पहला स्थान हासिल किया। इसके अलावा मेहंदी प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में अनुराधा प्रथम रही और कनिष्ठ वर्ग में गुंजन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी वर्गों में विजेता रहे विद्यार्थियों और प्रोत्साहन पुरस्कार पाने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया।