हलवाई, क्रोकरी एवं गार्डन टेंट एसोसिएशन के तत्वावधान में रेवाड़ी में एक विशाल कांवड़ सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में प्रसिद्ध भजन 'भोले तेरी बम' से घर-घर पहचान बनाने वाले प्रख्यात गायक एवं BSNL के उपमंडल अभियंता संजय सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। शिविर स्थल पर पहुँचने पर आयोजकों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं द्वारा संजय सैनी का फूल-मालाओं, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भावभीना स्वागत व नागरिक अभिनंदन किया गया।
सम्मान समारोह के उपरांत आयोजित सांस्कृतिक संध्या में संजय सैनी ने अपने सुरीले और ओजस्वी कण्ठ से लाइव गायन प्रस्तुत किया। उनके प्रसिद्ध भजनों की तान छिड़ते ही पूरा पांडाल "हर-हर महादेव" और "जय भोले" के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा। शिविर में विश्राम कर रहे सैकड़ों कांवड़ यात्री और स्थानीय ग्रामीण भक्ति रस में सराबोर होकर झूमने पर मजबूर हो गए।
इस आध्यात्मिक व सांस्कृतिक आयोजन में क्षेत्र की अनेक गणमान्य हस्तियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में विशेष रूप से BSNL के AGM कुलदीप राठी एवं कार्तिक शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह की अध्यक्षता हलवाई, क्रोकरी एवं गार्डन टेंट एसोसिएशन के प्रधान पवन शर्मा ने की।
इस अवसर पर उप प्रधान प्रवीण कुमार, सोनू सैनी, राजेंद्र यादव, माजरा के सरपंच विवेक 'विक्की', शमशेर सिंह, कर्ण भोरा, जतिन जी, सुनील भाड़ावास, प्रहलाद सिंह सहित एसोसिएशन के तमाम पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भारी संख्या में कांवड़ यात्री एवं स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं सेवादारों का आभार व्यक्त किया और कांवड़ियों की सेवा के इस संकल्प को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।