राष्ट्रीय स्तर पर कराटे में कांस्य पदक विजेता रुद्राक्ष का सिरसा में होगा भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह

राष्ट्रीय स्तर पर कराटे में कांस्य पदक विजेता सेठ सागरमल सुराणा जैन स्कूल, सिरसा के विद्यार्थी रुद्राक्ष के सम्मान में 13 अगस्त को स्कूल में नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम विद्यार्थी के उत्साहवर्धन के लिए रखा गया है।
चैंपियनशिप में किया शानदार प्रदर्शन
मक्खन लाल गोयल अध्यक्ष, सेठ सागरमल सुराणा चैरिटेबल ट्रस्ट, सिरसा व रेणु बाला प्राचार्या सेठ सागरमल सुराणा जैन स्कूल, सिरसा ने संयुक्त रूप से यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्कूल के कक्षा द्वितीय के प्रतिभाशाली विद्यार्थी रुद्राक्ष पुत्र दीपक कुमार ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। रुद्राक्ष ने ऑल इंडिया इंडिपेंडेंस कप कराटे चैंपियनशिप में कांस्य पदक प्राप्त किया है। इस पदक के साथ उसने विद्यालय एवं सिरसा जिले का नाम गौरवान्वित किया है।
नई दिल्ली में हुई थी प्रतिष्ठित प्रतियोगिता
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता तालकटोरा स्टेडियम, नई दिल्ली में आयोजित हुई थी। इस प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 2500 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। इतने बड़े स्तर पर पदक जीतना एक बड़ी उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दी बधाई
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी सभी बच्चों से मिले। उन्होंने रुद्राक्ष की इस शानदार उपलब्धि के साथ-साथ सभी बच्चों से मिलकर चंडीगढ़ में बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान की। यह मुख्यमंत्री का मिलना विद्यालय एवं सिरसा जिले के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।
13 अगस्त को होगा नागरिक अभिनंदन समारोह
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के सम्मान एवं विद्यार्थी के उत्साहवर्धन हेतु विद्यालय द्वारा 13 अगस्त 2026, गुरुवार को नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रुद्राक्ष के सम्मान में प्रातः 9:00 बजे दिल्ली पुल से सम्मान जुलूस प्रारंभ होगा। यह जुलूस सिरसा के विभिन्न प्रमुख बाजारों से होते हुए भादरा बाजार स्थित जैन स्कूल में पहुंचेगा। अंत में उन्होंने शहरवासियों से आह्वान किया कि वे अपनी गरिमामयी उपस्थिति से इस गौरवपूर्ण अवसर की शोभा बढ़ाएं तथा हमारे होनहार खिलाड़ी का उत्साहवर्धन करें।