गांव कारौला सागर हत्याकांड मामले में 09 आरोपी गिरफ्तार किए गए

कारौला सागर हत्याकांड: 9 आरोपी रोहतक से गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद
सामूहिक किए गए हमले में गांव के ही सागर की गोली लगने से मृत्यु हो गई
सभी नो आरोपियों को आजादगढ़ रोहतक से शनिवार को गिरफ्तार किया गया
आरोपियों के कब्जा से वारदात में प्रयोग की गई 01 स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद
हत्यारोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गांव में शनिवार को हुई थी महापंचायत
गुरुग्राम /कारोला (फरुखनगर)/ 8 अगस्त /फतह सिंह उजाला /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
कारोला (फरुखनगर)। 6 अगस्त को पटौदी विधानसभा क्षेत्र में थाना फर्रूखनगर, इलाके के गांव कारौला में मारपीट व गोली चलने के संबंध में सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर थाना फर्रूखनगर की पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल पर ज्ञात हुआ कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। जिस पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। अस्पताल में ज्ञात हुआ कि सागर नामक व्यक्ति की गोली लगने के कारण मृत्यु हो गई है तथा मारपीट के दौरान एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है।
घायल ने पुलिस टीम को शिकायत के माध्यम से बतलाया कि 3 अगस्त 2026 को वह अपने भाई होशियार के साथ अपनी रेंटल की दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान इनके गांव का रहने वाला सचेत नामक व्यक्ति वहां आया, जिसके साथ इसकी कहासुनी हो गई।
इसके बाद सचेत उर्फ मन्ना ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके परिजनों के साथ मारपीट की। 6 अगस्त को उसका दूसरा भाई सागर, जो बेंगलुरु में काम करता है, पटौदी बस स्टैंड पर आया था। यह सागर को लेकर घर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ कार सवार व्यक्तियों ने इनका पीछा किया।
जब ये अपने घर के अंदर पहुंचे तो उक्त व्यक्ति हथियारों से लैस होकर इनके घर में आए तथा इनके साथ मारपीट करने लगे। इसी दौरान उन व्यक्तियों ने जान से मारने की नीयत से गोली चला दी, जो इसके भाई सागर को लगी। घायल सागर को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। लड़ाई-झगड़े के दौरान शिकायतकर्ता को भी काफी गंभीर चोटें आईं।
जिला पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक अपराध शाखा फर्रूखनगर, की पुलिस टीम ने इस वारदात में कार्यवाही करते हुए 09 आरोपियों को शनिवार को आजादगढ़, रोहतक से गिरफ्तार किया।
आरोपियों की पहचान 1. ओम निवासी गांव भाभेवा जिला झज्जर,हरियाणा, 2. साहिल निवासी गांव चिमनी जिला झज्जर, हरियाणा, 3. गौतम निवासी गांव धनाना जिला सोनीपत, हरियाणा, 4. सचेत उर्फ मुन्ना निवासी गांव करौला जिला गुरुग्राम, 5. विनय कुमार निवासी गांव मेहराना जिला झज्जर, हरियाणा, 6. सुनील उर्फ अभिषेक उर्फ खोटा निवासी गांव खिलौड़ जिला सोनीपत, हरियाणा, 7. मंदीप उर्फ डिप्पी निवासी गांव खिलौड़ जिला सोनीपत, हरियाणा, 8. अश्वनी निवासी गांव खिलौड़ जिला सोनीपत व 9. अनुश उर्फ चिनू निवासी जिला सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि उपरोक्त आरोपी सचेत उर्फ मुन्ना की शिकायतकर्ता पक्ष से रंजिश थी। जिसके चलते आरोपी पूर्व नियोजित साजिश के तहत अपने साथियों के साथ मिलकर एकत्रित होकर कई वाहनों में सवार होकर शिकायतकर्ता के घर पहुंचे। आरोपी हथियारों एवं लाठियों से लैस होकर घर में घुसे तथा शिकायतकर्ता और उसके भाई सागर के साथ मारपीट की।
इसी दौरान एक आरोपी द्वारा सागर पर कथित रूप से गोली चलाई गई, जिससे गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मृत्यु हो गई। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड अवलोकन से ज्ञात हुआ कि उपरोक्त आरोपी सचेत पर चोरी का सामान रखने/खरीदने के तहत एक अभियोग पटौदी में दर्ज है तथा आरोपी सुनील पर चोरी करने के तहत एक अभियोग रोहतक में दर्ज है। आरोपियों के कब्ज़ा से वारदात में प्रयोग की गई एक स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की गई है।