कारोला हत्याकांड: पीड़ित परिवार के दो युवकों को नौकरी और पुलिस चौकी की मांग, शनिवार को हुई मैराथन महापंचायत

कारोला का हत्याकांड, पीड़ित परिवार के दो युवकों को नौकरी और कारोला में पुलिस चौकी की मांग
शनिवार को पीड़ित परिवार को न्याय के लिए कारोला में मैराथन महापंचायत
पंचायत के कथित दबाव को देखते 3:30 बजे पहुंची विधायक बिमला चौधरी
पीड़ित परिवार की मांग युवक सागर के हत्यारे परिजनों के हवाले किए जाएं
पंचायत में मौजूद लोगों के बीच कारोला में सीसीटीवी कैमरे लगाने की बनी सहमति
मृतक युवक सागर के पोस्टमार्टम के लिए पांच सदस्य कमेटी गुरुग्राम रवाना हुई
गुरुग्राम /कोरोला (फरुखनगर) / 8 अगस्त /फतह सिंह उजाला /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
पटौदी विधानसभा क्षेत्र के फरुखनगर थाना इलाके के गांव कारोला में युवक सागर की निर्मम हत्या के बाद शनिवार को गांव में एक बड़ी मैराथन पंचायत का आयोजन किया गया। इस पंचायत में पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग की गई और कई अहम फैसले लिए गए।
मुख्य बिंदु:
- कारोला गांव में युवक सागर की हत्या के बाद न्याय के लिए शनिवार को मैराथन महापंचायत हुई।
- पंचायत और ग्रामीणों के दबाव के बाद पटौदी की विधायक विमला चौधरी दोपहर 3:30 बजे पंचायत में पहुंचीं।
- पीड़ित परिवार ने मांग की कि युवक सागर के हत्यारे परिजनों के हवाले किए जाएं और उनका एनकाउंटर किया जाए।
- पंचायत में कारोला गांव में सीसीटीवी कैमरे लगाने की सहमति बनी।
- मृतक युवक सागर के पोस्टमार्टम के लिए पांच सदस्यों की कमेटी गुरुग्राम रवाना हुई।
कारोला गांव में आयोजित हुई मैराथन महापंचायत
पटौदी विधानसभा क्षेत्र के फरुखनगर थाना इलाके के गांव कारोला में युवक सागर की निर्मम हत्या के बाद शनिवार को गांव में ही मैराथन पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत और ग्रामीणों के कथित दबाव को देखते हुए पटौदी की विधायक विमला चौधरी लगभग 3:30 बजे पंचायत के बीच पहुंचीं। खास बात यह है कि युवक सागर के मुख्य हत्यारे सहित अन्य आरोपियों का एनकाउंटर किया जाने की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों और महिलाओं के द्वारा शुक्रवार को बिलासपुर कुलाना स्टेट हाईवे जाटोली में खंडेवला मोड़ पर जाम लगा दिया गया था। विधायक विमला चौधरी के द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद ही यह सड़क मार्ग खाली किया गया था।
हत्यारों के एनकाउंटर और नशे के कारोबार पर रोक की मांग
शनिवार को गांव कारोला में मैराथन पंचायत के बीच पीड़ित परिजनों के द्वारा एक बार फिर से मांग की गई कि युवक सागर को न्याय दिलाने के लिए उसके हत्यारों का एनकाउंटर किया जाए। इस मौके पर विभिन्न थाना क्षेत्र के एसीपी के अलावा बड़ी संख्या में पुलिस बल भी गांव और गांव के आसपास के इलाके में हालात पर निगरानी के लिए मौजूद रहा। पंचायत में विभिन्न वक्ताओं के द्वारा कहा गया कि क्षेत्र में बढ़ते हुए नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए विशेष पुलिस बल या टीम का गठन कर बेचने और करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। इस मौके पर विशेष रूप से गुड़गांव ग्रामीण भाजपा अध्यक्ष अजीत यादव, करण सिंह जसात, सुखबीर तंवर, अमित पहलवान, दीपचंद, दीपक सैनी, सरपंच रोहतास, विनोद, अजय सिंह, भागमाल, अतर सिंह, मदन सहित गांव के बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीण उपस्थित रहे।
विधायक विमला चौधरी ने दिया दोषियों को सजा दिलाने का भरोसा
यहाँ पंचायत में पहुँची विधायक विमला चौधरी ने पीड़ित परिवार की महिलाओं के साथ परिवार का दुख साझा करते हुए दोषियों को कठोर से कठोर सजा दिलवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने पीड़ित परिवार की बहन-बेटियों और महिलाओं को सांत्वना भी दी। विधायक विमला चौधरी ने कहा कि पंचायत और ग्राम-राम के द्वारा लिए जाने वाले फैसले और न्याय के मामले में वह 24 घंटे उनके साथ हैं। बताया गया है कि इसी बीच में ग्रामीणों की एक विशेष कमेटी और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच भी पूरे घटनाक्रम सहित युवक सागर के हत्यारों की गिरफ्तारी के मुद्दे को लेकर गुप्त मंत्रणा भी हुई।
सरकारी नौकरी की मांग और सोशल मीडिया पर चेतावनी
मृतक युवक सागर के परिजनों और ग्रामीणों के द्वारा विधायक विमला चौधरी के समक्ष यह मांग रखी गई कि मृतक युवक के भाई शंकर और होशियार को सरकारी नौकरी उपलब्ध करवाई जाए। विधायक विमला चौधरी के द्वारा पीड़ित परिवार को उनकी यह मांग पूरी करने का भरोसा दिलाया गया। उन्होंने अपनी तरफ से अधिक से अधिक आर्थिक मदद भी उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। पंचायत में मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के द्वारा युवा पीढ़ी को अलर्ट किया गया कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की कानून विरोधी या फिर असामाजिक पोस्ट या गतिविधि देखने के लिए मिली, तो ऐसे व्यक्ति के खिलाफ कठोर से कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताया गया है कि मृतक युवक सागर का पोस्टमार्टम करवाने के लिए समाचार लिखे जाने तक पंचायत के द्वारा गठित कमेटी के सदस्य रवाना हो चुके थे और मृतक के अंतिम संस्कार की तैयारी पीड़ित परिवार तथा गांव वालों के द्वारा किया जाना बताया गया।