जींद: लिव इन रिलेशन कानूनों को बदलने की मांग को लेकर खाप पंचायतों ने डिप्टी स्पीकर को सौंपा ज्ञापन

जींद में माजरा खाप पंचायत, कंडेला खाप पंचायत जींद और नौगामा खाप पंचायत के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा से मुलाकात की। खाप चौधरियों ने लिव इन रिलेशन जैसे कानूनों को रद्द करने और कुछ कानूनों को संशोधित करने की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर अश्लीलता फैलाने वाले लोगों पर मुकदमा दर्ज करवाने और प्रतिबंध लगाने की बात कही गई।
खाप प्रधानों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
माजरा खाप प्रधान गुरविंद्र सिंह संधू, कंडेला खाप प्रधान ओमप्रकाश कंडेला और नौगामा खाप प्रधान जयबीर ने कहा कि ये तीनों खापें जींद विधानसभा चुनाव क्षेत्र के तहत आती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार लव मैरिज, लिव इन, समलैंगिक रिश्तों और अश्लीलता पर सख्त कार्रवाई करे। विधानसभा में इन कानूनों पर चर्चा हो और लिव इन तथा समलैंगिक कानूनों को पूरी तरह से रद्द किया जाए। उन्होंने कहा कि यह सब हिंदू संस्कृति और संस्कारों का हिस्सा नहीं है।
लव मैरिज और गोत्र को लेकर रखी शर्तें
लव मैरिज को लेकर खाप नेताओं ने मांग की कि गांव, गौहांड और सम गोत्र में शादी पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। शादी के दौरान मां-बाप की सहमति ली जानी अनिवार्य की जाए, अन्यथा ऐसी शादी को अवैध माना जाए। माजरा खाप पंचायत के प्रवक्ता समुन्द्र सिंह फोर ने जानकारी देते हुए बताया कि इन सभी कानूनों के संबंध में 18 अगस्त को मुख्यमंत्री के साथ खाप पंचायतों की 31 सदस्यीय कमेटी की एक बैठक पहले ही हो चुकी है।
सरकार और खाप पंचायतों की आगे की बैठक
मुख्यमंत्री ने सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण बेदी को खाप पंचायतों की बातें सुनने के लिए नियुक्त किया है। इसके बाद 23 अगस्त को खाप पंचायतों ने मंत्री कृष्ण बेदी से मुलाकात करने की सहमति भी जताई थी। शीघ्र ही सरकार कानूनविदों और अधिकारियों के साथ खाप पंचायतों की बैठक का आयोजन करेगी और इन सभी कानूनों पर गहनता से अध्ययन किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण अवसर पर महेन्द्र सिंह सहारण, रणबीर नंबरदार, बिंदर नंबरदार और दीपक सरपंच सहित अन्य कई खाप नेता वहां मौजूद रहे।