खनौरी बॉर्डर पर किसानों को हरियाणा पुलिस ने रोका, दिल्ली कूच के ऐलान पर तनाव

डल्लेवाल ने कहा, “अब रास्ता किसानों ने नहीं, हरियाणा पुलिस ने रोका है। सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट को इस पर संज्ञान लेना चाहिए। थोड़ी संख्या में किसान दिल्ली जाकर अपनी बात रखना चाहते हैं। हमारे 5 नेता पुलिस से बात की। किसानों की जींद प्रशासन के साथ गुप्त वार्ता शुरू

नरेंद्र जेठी /नरवाना /16 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
पंजाब के किसानों के दिल्ली कूच के ऐलान के बाद रविवार को हरियाणा पुलिस ने खनौरी-दाता सिंहवाला बॉर्डर पर किसानों को रोक लिया है। रास्ता बंद करने के लिए बैरिकेडिंग, कंटीली तार, कंक्रीट ब्लॉक और कंटेनर लगाए गए हैं तथा भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

किसान बचाओ पदयात्रा और जंतर-मंतर का ऐलान
संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में रविवार को बॉर्डर से दिल्ली के जंतर-मंतर तक 'किसान बचाओ पदयात्रा' का ऐलान किया था। इस यात्रा में किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के नेतृत्व में 55 पदयात्री शामिल हैं। संगठन ने 29 अगस्त को दिल्ली में पंचायत का भी ऐलान किया है। रविवार दोपहर को डल्लेवाल ने 2024 किसान आंदोलन में शुभकरण सिंह की मौत वाले स्थान से मिट्टी उठाई है।

प्रशासन के साथ बैठक और धरना
इसके बाद किसानों की जींद डीसी वैशाली शर्मा के साथ दो बार मीटिंग हुई है। हालांकि इस मीटिंग में कोई हल नहीं निकला है। इसके बाद किसानों ने पंजाब की साइड धरना शुरू करने का ऐलान किया है। इससे पहले डल्लेवाल ने कहा कि रास्ता किसानों ने नहीं, बल्कि हरियाणा पुलिस ने रोका है। उन्होंने कहा कि अगर किसानों को आगे नहीं जाने दिया गया तो वे यहीं रातभर रुकेंगे। इधर जींद, कैथल और फतेहाबाद में खनौरी बॉर्डर की ओर जा रहे किसानों को पुलिस ने डिटेन किया है।
डल्लेवाल के बयान और पुलिस से बातचीत
डल्लेवाल ने कहा है कि अब रास्ता किसानों ने नहीं बल्कि हरियाणा पुलिस ने रोका है। उन्होंने मांग की है कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट को इस पर संज्ञान लेना चाहिए। थोड़ी संख्या में किसान दिल्ली जाकर अपनी बात रखना चाहते हैं। किसानों के 5 नेताओं ने पुलिस से बात की है। किसानों की जींद प्रशासन के साथ गुप्त वार्ता शुरू हुई है, जिसमें काका सिंह कोटड़ा राज्य सचिव बीकेयू एकता सिद्धपुर की अध्यक्षता में 5 आदमी उपायुक्त जींद व पुलिस अधीक्षक जींद से बातचीत करने के लिए पहुंचे हैं। इनमें गुरमेल सिंह पंजाब इंडियन फार्मर संगठन, इंदरजीत सिंह पनी वाला राज्य अध्यक्ष बीकेयू एकता सिद्धपुर राजस्थान, बलदेव सिंह सिरसा, सुखदेव सिंह भोजराज राज्य अध्यक्ष किसान जवान भलाई यूनियन पंजाब और गुरमेल सिंह राज्य सचिव बीकेयू भैरो गुट शामिल हैं।

शांतिपूर्ण प्रदर्शन और सरकार का रवैया
किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा है कि खनौरी बॉर्डर पर पुलिस ने सुरक्षा बढ़ानी शुरू करी है। किसान किसी भी तरह के टकराव के पक्ष में नहीं हैं और जत्था शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली जाना चाहता है। अब यह सरकार पर निर्भर है कि वह वहां किस तरह का माहौल बनाती है। डल्लेवाल ने स्पष्ट किया है कि जत्थे में सीमित संख्या में किसान शामिल हैं। सरकार ने किसानों को रोका है जिससे स्पष्ट है कि उसे किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से नहीं बल्कि उनके मुद्दों से परेशानी है। जत्थे में न तो बड़ी भीड़ है और न ही बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां हैं। किसान लगातार सरकार का रवैया देख रहे हैं और कभी अंबाला तो कभी चंडीगढ़ में लोगों पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। डल्लेवाल ने कहा है कि सरकार ने शांतिपूर्वक पैदल जा रहे किसानों को भी रोका है जिससे सरकार का चेहरा सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि किसानों के धरने लगाने पर सरकार उन्हें बदनाम करती है, लेकिन शांतिपूर्ण तरीके से जा रहे किसानों को रोकना गलत है।