कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने ग्रामीण चौकीदार यूनियन की हड़ताल खत्म करवाने में निभाई अहम भूमिका

चौकीदारों की तनख्वाह और भत्तों में पहले भी हुई थी बढ़ोतरी
नरेंद्र जेठी /नरवाना /20 अगस्त 2026/अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
नारवाणा में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने ग्रामीण चौकीदार यूनियन के नुमाइंदों के साथ मुलाकात की। यह चर्चा बहुत ही सौहार्दपूर्ण वातावरण में की गई थी। मंत्री ने यूनियन की सभी मांगों पर बातचीत की और उनकी हड़ताल खत्म करवाने में अहम भूमिका निभाई।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने एक विशेष बातचीत में मीडिया को पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हरियाणा ग्रामीण चौकीदार पिछले काफी समय से हड़ताल पर चल रहे थे। इस सिलसिले में यूनियन के नुमाइंदे कई बार चंडीगढ़ भी आए थे। मंत्री ने कहा कि जब यूनियन के नुमाइंदे उन्हें मिलने बद्दोवाल टोल पर आए थे, तभी उन्होंने सभी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दे दिया था।
चौकीदारों की तनख्वाह और भत्तों में पहले भी हुई थी बढ़ोतरी
मंत्री कृष्ण बेदी ने पुरानी बातें याद करते हुए बताया कि उन्होंने वर्ष 2018 में भी तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ एक मीटिंग की थी। उस मीटिंग के बाद ग्रामीण चौकीदारों की तनख्वाह और भत्तों में बढ़ोतरी करवाई गई थी। उस समय ग्रामीण चौकीदार की तनख्वाह 3,500 रुपये से बढ़ाकर 7,000 रुपये कर दी गई थी। इसके अलावा तनख्वाह में साइकिल, वर्दी, जूते और टार्च के लिए मिलने वाला भत्ता भी शामिल किया गया था।
वर्ष 2023 में बढ़ाई गई थी तनख्वाह
कैबिनेट मंत्री ने आगे बताया कि उन्होंने वर्ष 2023 में दोबारा मुख्यमंत्री से बात की थी। मुख्यमंत्री से बात करने के बाद ग्रामीण चौकीदारों की तनख्वाह 7,000 रुपये से बढ़ाकर 11,000 रुपये कर दी गई थी। इसके साथ ही साइकिल के लिए मिलने वाले एकमुश्त भत्ते को 5 वर्षीय करवाया गया था।
मुख्यमंत्री द्वारा बनाई गई थी विशेष समिति
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि अब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक विशेष समिति का गठन किया था। यह समिति मेरी अध्यक्षता में बनाई गई थी जिसमें मुख्यमंत्री के सीपीएस राजेश खुल्लर भी शामिल थे। इस समिति ने ग्रामीण चौकीदार यूनियन के साथ बातचीत करने का काम किया। यूनियन के नुमाइंदों के साथ खुले मन से और सौहार्दपूर्ण वातावरण में वार्तालाप हुई थी।
यूनियन ने सहर्ष हड़ताल खत्म करने का किया ऐलान
यूनियन की सभी मांगों पर विस्तार से बातचीत की गई। सभी मुद्दों पर चर्चा होने के बाद चौकीदार यूनियन ने सहर्ष अपनी हड़ताल खत्म करने का बड़ा ऐलान कर दिया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी गरीब, शोषित, वंचित, मजदूर और कमेरे लोग जरूरत पड़ने पर कभी भी उनका दरवाजा खटखटा सकते हैं। उनके द्वार सभी लोगों के लिए सदैव खुले रहते हैं।
परस्पर ट्यूनिंग और चौकीदारों से अपील
मंत्री ने बताया कि जब उन्हें जरूरत होती है तो ये लोग भी कभी मायूस नहीं करते हैं और हमेशा दिल खोलकर उनका स्वागत करते हैं तथा साथ देते हैं। हल्के-फुल्के वातावरण में कहें तो यह हम सबकी परस्पर ट्यूनिंग है। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने सभी ग्रामीण चौकीदारों से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि आपके विषय का समाधान हो गया है इसलिए अब आप पूरी निष्ठा के साथ गांवों में अपने दायित्व का निर्वहन करें।
पदाधिकारियों का आभार और मुख्यमंत्री का धन्यवाद
अंत में उन्होंने चौकीदार यूनियन के सभी पदाधिकारियों का दिल से आभार जताया। इसके साथ ही उन्होंने आदरणीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का भी विशेष धन्यवाद किया। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हमारी प्रदेश सरकार प्रदेश के हर गरीब, दलित और पिछड़े वर्ग के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।