हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी बोले, पारदर्शी नीतियों से जरूरतमंदों के जीवन में आ रहा सकारात्मक बदलाव

नरेंद्र जेठी/नरवाना /12 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
नरवाना में हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा है कि जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और नीतियों का आम जनता तक सीधा लाभ पहुंचे, इसी प्राथमिकता के साथ राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। शहरों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों तथा ढाणियों की आबादी तक सरकारी सेवाएं और सुविधाएं पहुंचे, इसी मिशन को साकार करने की कोशिश की जा रही है। जनसाधारण और समाज के गरीब तबके का उत्थान हो, इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए महत्वपूर्ण सरकारी योजनाएं बनाई जा रही हैं। मौजूदा राज्य सरकार में पारदर्शी नीतियों की बदौलत जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव नजर आ रहा है।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने शनिवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जन समस्याएं सुनते हुए यह बात कही। कैबिनेट मंत्री ने इस अवसर पर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और उनके उचित एवं त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की चहुंमुखी तरक्की सर्वसाधारण के कल्याण से ही संभव है। सरकारी योजनाओं का फायदा पात्र व्यक्ति को मिले, इसके लिए सरकार समय-समय पर जनजागरण कार्यक्रम भी आयोजित कर रही है।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक चलाया जाने वाला सेवा ही संकल्प अभियान इस दिशा में कारगर साबित होगा। इस अभियान के तहत लगातार एक महीना प्रदेश भर में 180 जनकल्याण के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में जहां केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में आमजन को अवगत कराया जाएगा, वहीं सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से उनके अनुभव भी सांझा किए जाएंगे। यह अभियान प्रधानमंत्री के जन सेवा के 25 साल पर आधारित होगा। कार्यक्रमों से जहां लोगों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रेरणा मिलेगी, वहीं उनके अनुभवों से सरकारी योजनाओं को और प्रभावी बनाने में सरकार को भी दिशा मिलेगी।
कैबिनेट मंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण सफाई कर्मचारियों के वेतन को बढ़ाने का महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है। यह फैसला गत जुलाई से लागू होगा और अब ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को 16 हजार रुपए की जगह 18 हजार 100 रुपए माहवार वेतन के रूप में मिलेंगे। इसके अलावा पंडित दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का भी 25 सितंबर से विस्तार किया जाएगा। इस योजना के तहत अब 1 लाख 80 हजार रुपए सालाना आमदनी वाली महिलाओं को भी शामिल किया जाएगा। इस प्रकार योजना के अंतर्गत महिला लाभार्थियों की संख्या करीब 17 लाख हो जाएगी। राज्य सरकार की योजनाओं का पात्र व्यक्ति को पूरा लाभ मिले, इस दिशा में जनप्रतिनिधियों को भी सकारात्मक सहयोग करना चाहिए।
इस अवसर पर ओम प्रकाश शर्मा, अमित सरपंच धरोदी, सुरेश पांचाल, सुशील शास्त्री, शक्ति राणा, नगर पार्षद तूफान, कुलदीप काला सरपंच दबलैन, नरेश रशीदा, कैबिनेट मंत्री के निजी सहायक मनोज कुमार, मीडिया प्रभारी संजय बल्हारा, जसवीर नैन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।