रामशरण माजरा में धूमधाम से मनाया श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव, आढ़तियों के शिष्टमंडल ने की सीएम नायब सैनी से मुलाकात

बाबैन में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व बहुत धूमधाम के साथ मनाया गया। दक्षिणमुखी सिद्ध हनुमान मंदिर रामसरन माजरा परिसर में भगवान श्री कृष्ण जी का जन्मोत्सव और मटकी फोड़ने की रस्में धूमधाम से आयोजित की गईं। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री राधा कृष्ण जन्माष्टमी क्लब के तत्वावधान में श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि ओमप्रकाश, फूल सैनी दिल्ली वाले, प्रवीण सैनी, युवा भाजपा मंडल प्रधान विकास सैनी, कैप्टन कृष्ण लाल, तरसेम राय, शिव राम, जसविन्द्र सैनी, बलकार सिंह, गुलशन सैनी, महेन्द्र सैनी, विकास कुमार, वैभव शर्मा, पुनीत शर्मा, राजेन्द्र सैनी, करमजीत सैनी, रघुवीर सैनी, नरेश कुमार और रिंकू सहित कई गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।
गाँव के अनेक युवकों ने मिलकर मटकी फोड़ी और भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने मटकी में भरी मखनी, दूध, मेवे व मिश्री का प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर भगवान श्री राधा-कृष्ण की भव्य मूर्तियों को मंदिर परिसर में स्थापित करके उसे गोकुल की तरह सजाया गया। सुबह से ही श्री दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर रामसरन माजरा के परिसर में रखी भगवान श्री राधा-कृष्ण की मूर्तियों पर माथा टेकने के लिए महिलाओं की भारी भीड़ लगी रही। कार्यक्रम में समाजसेवी अमित सैनी पोंकी एवं संदीप सरोहा ने मुख्य रूप से शिरकत की। दोनों ने विधिवत पूजा-अर्चना करवाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
समाजसेवी अमित सैनी पोंकी व संदीप सरोहा ने कहा कि श्री कृष्ण का जीवन हम सभी को सत्य, धर्म, प्रेम, भाईचारे और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। भगवान श्री कृष्ण ने अपने जीवन में अनेक कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए धर्म की स्थापना के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं है, बल्कि भगवान श्री कृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का अवसर भी है। हमें उनके द्वारा दिए गए गीता के संदेश को आत्मसात कर समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करना चाहिए।
प्रसिद्ध कथावाचक पंडित कमल कुश ने भगवान श्री कृष्ण के जन्म प्रसंग पर विस्तार से प्रकाश डाला और उनकी विभिन्न लीलाओं का गुणगान किया। उन्होंने श्री कृष्ण के बाल स्वरूप से लेकर उनके जीवन के विभिन्न प्रसंगों का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति और धर्म के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। कथा के दौरान श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर धार्मिक प्रसंगों को सुनते रहे। वहीं मशहूर गायक मनोज वैष्णव ने भगवान श्री कृष्ण के सुंदर भजनों की प्रस्तुति दी। उनके द्वारा प्रस्तुत किए गए मधुर भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा मंदिर परिसर श्री कृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में देर रात तक भक्तिमय वातावरण बना रहा।
बाबैन अनाजमंडी के आढ़तियों ने की मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात
बाबैन अनाजमंडी के नवनियुक्त मंडी प्रधान विनोद सिंगला की अगुवाई में आढ़तियों के एक शिष्टमंडल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। इस दौरान आढ़तियों ने मुख्यमंत्री को बुक्का भेंट कर उनका अभिनंदन किया और मंडी तथा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। मंडी प्रधान विनोद सिंगला ने कहा कि अनाजमंडी में किसानों को उनकी फसल की बिक्री के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा फसल की खरीद, भुगतान और उठान प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रहे, इसके लिए सरकार और प्रशासन का सहयोग आवश्यक है। शिष्टमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के समक्ष मंडी से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं को भी रखा।
विनोद सिंगला ने कहा कि बाबैन की अनाजमंडी आसपास के अनेक गांवों के किसानों के लिए प्रमुख मंडी है। सीजन के दौरान मंडी में बड़ी मात्रा में कृषि उपज पहुंचती है, इसलिए मंडी में मूलभूत सुविधाओं, फसल खरीद व्यवस्था, उठान तथा अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखना बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि उनका प्रयास है कि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न आए और मंडियों में खरीद प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संपन्न हो। उन्होंने मंडी से जुड़े विषयों पर उचित कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया।
मंडी प्रधान विनोद सिंगला ने कहा कि मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात से आढ़ती वर्ग में सकारात्मक संदेश गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार द्वारा मंडी से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। इस मौके पर मंड़ल प्रधान विकास शर्मा जालखेड़ी, बाबैन अनाजमंडी के पूर्व प्रधान जगदीश ढींगरा, संजीव सिंगला, महेश गुप्ता, जितेन्द्र गर्ग, सतबीर मंगोली, सुखश्याम, महामंत्री अनिल टाटकी और भीम सिंह बेरथला सहित अनेक गण्यमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।