लाडवा में 4 सितंबर को होगा श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, सीएम नायब सिंह सैनी करेंगे शिरकत

श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में इस बार दिखेगा भव्य सांस्कृतिक रंग, 4 सितंबर को शिवाला रामकुंडी में होगा आयोजन
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे शिरक्त, शहरवासियों से परिवार सहित पहुंचने का किया आह्वान
लाडवा/मानव गर्ग /31 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
लाडवा में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का इस बार भव्य आयोजन किया जाएगा। वामन द्वादशी मेला समिति, लाडवा की ओर से इस महोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यह कार्यक्रम 4 सितंबर 2026, शुक्रवार को शाम 7 बजे शिवाला रामकुंडी लाडवा में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी।
भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और झांकियां
समिति के सेवक अमन सिंगला ने बताया कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को इस बार विशेष रूप से भव्य रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के बच्चे मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। बच्चे भगवान श्री कृष्ण के जीवन और उनकी लीलाओं से जुड़े मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही बाहर से आने वाले कलाकारों द्वारा भी श्री कृष्ण भगवान के जीवन पर सुंदर झांकियां एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे मुख्य अतिथि
अमन सिंगल ने बताया कि इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। हरियाणा बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी। उनके आगमन को लेकर समिति सदस्यों और शहरवासियों में भारी उत्साह है।
धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व
उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी केवल धार्मिक पर्व ही नहीं है। यह भगवान श्री कृष्ण के जीवन से मिलने वाली शिक्षाओं को समाज तक पहुंचाने का भी एक बड़ा अवसर है। कार्यक्रम में बच्चों और कलाकारों की प्रस्तुतियों के माध्यम से श्री कृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों और उनके संदेश को प्रस्तुत किया जाएगा। बाहर से आने वाले कलाकार भी भगवान श्री कृष्ण के जीवन पर आधारित सुंदर प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से जोड़ेंगे।
शहरवासियों से पहुंचने की अपील
अमन सिंगल ने लाडवा और आसपास के क्षेत्र के लोगों से अपील की है। उन्होंने 4 सितंबर की शाम शिवाला रामकुंडी पहुंचकर कार्यक्रम का आनंद लेने को कहा है। सभी लोग पहुंचकर भगवान श्री कृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त करें। अमन सिंगल ने कहा कि समिति का उद्देश्य धार्मिक आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और भगवान श्री कृष्ण के आदर्शों से जोड़ना है। शहरवासियों के सहयोग से जन्माष्टमी महोत्सव को यादगार बनाने के लिए समिति पूरी तरह जुटी हुई है।