कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के अफ्रीकी विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से की विशेष मुलाकात

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से अपनी पढ़ाई पूरी कर चुके 14 अफ्रीकी विद्यार्थियों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी से मुख्यमंत्री आवास पर विशेष मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए हरियाणा में उनके शैक्षणिक अनुभव, विश्वविद्यालय में बिताए समय तथा प्रदेश के लोगों के साथ उनके जुड़ाव के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने और अपने-अपने देशों में हरियाणा एवं भारत की सकारात्मक छवि के दूत बनने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विद्यार्थियों के साथ समूह चित्र एवं सेल्फी भी खिंचवाई, जिससे यह मुलाकात उनके लिए यादगार बन गई। उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद विद्यार्थियों के अनुभवों को साझा करने के साथ भारत और अन्य देशों के बीच शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को भी मजबूत करते हैं।
विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में अध्ययन के दौरान उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, हरियाणा की परंपराओं और यहां के लोगों की आत्मीयता को करीब से जानने का अवसर मिला। उन्होंने हरियाणा के लोगों के सहयोग, अपनापन और सकारात्मक व्यवहार की विशेष रूप से सराहना की।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में विदेशी विद्यार्थियों को इस विशेष संवाद का अवसर प्राप्त हुआ। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. वीरेंद्र पाल ने भी इस अवसर पर विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। विश्वविद्यालय द्वारा अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, सांस्कृतिक अनुभव और वैश्विक स्तर पर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर हरियाणा सरकार के विदेशी सहयोग विभाग के सलाहकार पवन चौधरी, आईएएस अधिकारी अवनीत कौर, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विदेशी विद्यार्थी सलाहकार प्रो. संजीव अग्रवाल तथा केयू उप निदेशक विदेशी विद्यार्थी सलाहकार प्रो. दीपक राय सहित अन्य अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर चुके इन विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ संवाद के दौरान अपने अनुभव साझा किए और बताया कि हरियाणा में बिताया समय उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए सम्मान एवं आत्मीयता के लिए आभार व्यक्त किया।