कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और पब्लिक एशिया ग्रुप के बीच हुआ महत्वपूर्ण इंडस्ट्री-एकेडेमिया समझौता

शैक्षणिक विकास के लिए इंडस्ट्री-एकेडेमिया समझौते महत्वपूर्णः प्रो. सोमनाथ सचदेवा
केयू मीडिया संस्थान और पब्लिक एशिया ग्रुप के बीच एमओयू साइन
कुरुक्षेत्र /19 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स /शशि अरोड़ा
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान तथा दिल्ली स्थित पब्लिक एशिया ग्रुप के बीच बुधवार को विश्वविद्यालय के कमेटी रूम में औद्योगिक समझौता यानी एमओयू साइन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने की।
कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि शैक्षणिक विकास और विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के लिए इंडस्ट्री-एकेडेमिया समझौते महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत विद्यार्थियों के लिए औद्योगिक प्रशिक्षण को विशेष महत्व दिया गया है। ऐसे समझौतों के माध्यम से विद्यार्थी अपनी पढ़ाई के दौरान 2 से 3 माह का औद्योगिक प्रशिक्षण प्राप्त कर वास्तविक कार्य वातावरण को समझ सकते हैं।
इस एमओयू पर पब्लिक एशिया ग्रुप की ओर से प्रधान संपादक मुकेश वत्स तथा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव प्रो. वीरेंद्र पाल ने हस्ताक्षर किए। पब्लिक एशिया ग्रुप के प्रधान संपादक मुकेश वत्स ने कहा कि उनके ग्रुप की सभी संस्थाएं विद्यार्थियों के लिए प्रशिक्षण एवं व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए सदैव तैयार हैं। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विद्यार्थी पब्लिक एशिया ग्रुप में औद्योगिक प्रशिक्षण प्राप्त करने के साथ-साथ मेहनताना भी अर्जित कर सकते हैं।
नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) के अध्यक्ष एवं पब्लिक एशिया ग्रुप के संपादक रास बिहारी ने कहा कि शिक्षक और औद्योगिक संस्थान एक-दूसरे के पूरक हैं। शिक्षण संस्थान ही उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करते हैं, जबकि उद्योग विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव और रोजगार के अवसर प्रदान करते हैं।
मीडिया संस्थान की निदेशक प्रो. बिंदु शर्मा ने कहा कि संस्थान राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को पूर्ण रूप से लागू करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योगों के साथ इस प्रकार के समझौते विद्यार्थियों के कौशल विकास, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों को बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होंगे।
संस्थान के एमओयू समन्वयक डॉ. कंवरदीप शर्मा ने बताया कि यह संस्थान का पांचवां औद्योगिक एमओयू है। इससे पहले संस्थान द्वारा प्रिंटिंग, पैकेजिंग और ग्राफिक्स सहित विभिन्न क्षेत्रों में औद्योगिक समझौते किए जा चुके हैं।
इस कार्यक्रम में मीडिया संस्थान की ओर से डॉ. रोमा, डॉ. आबिद और डॉ. मधुदीप उपस्थित रहे। वहीं पब्लिक एशिया ग्रुप की ओर से निशांत वत्स एडिटर, धनेंद्र पाल एसोसिएट एडिटर, जैनेंद्र प्रताप सिंह नेशनल कोऑर्डिनेटर, पीयूष मैनेजिंग एडिटर, सचिन सिधवानी ब्यूरो चीफ पानीपत, अर्पित पोपली रिपोर्टर करनाल, सिद्धार्थ कुंवर सिंह जर्नलिस्ट तथा दीपांशु आनंद रिपोर्टर सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।