कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में कुवि ई-लर्न मंच का शुभारंभ, धरोहर तीज उत्सव और स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल की है। दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र के अंतर्गत कुवि ई-लर्न (मुक्त ऑनलाइन पाठ्यक्रम) मंच का शुभारंभ कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा द्वारा किया गया है। यह मंच विश्वविद्यालय की सभी के लिए शिक्षा की संकल्पना को साकार करते हुए विद्यार्थियों, कामकाजी पेशेवरों तथा इससे जुड़े हुए शिक्षार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा निःशुल्क और अपनी सुविधा के अनुसार प्राप्त करने का अवसर प्रदान करेगा।
डिजिटल तकनीक से शिक्षा को मिल रहा नया स्वरूप
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल तकनीक से शिक्षा को नया स्वरूप मिल रहा है। कुवि ई-लर्न मंच के माध्यम से शिक्षार्थियों को अपनी सुविधा, आवश्यकता और गति के अनुरूप नया ज्ञान एवं कौशल अर्जित करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने इस पहल की भावना को रेखांकित करते हुए कहा कि शिक्षा निःशुल्क है, जबकि प्रमाण-पत्र के लिए नाममात्र का शुल्क निर्धारित किया गया है। प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने बताया कि कुवि ई-लर्न मंच पर उपलब्ध पाठ्यक्रमों के माध्यम से शिक्षार्थी कहीं से भी और किसी भी समय अध्ययन सामग्री, वीडियो व्याख्यान तथा इंटरनेट आधारित शैक्षणिक संसाधनों का उपयोग कर सकेंगे। सभी पाठ्यक्रमों की अध्ययन सामग्री निःशुल्क उपलब्ध होगी। पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद आधिकारिक ई-प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के इच्छुक शिक्षार्थियों के लिए प्रति पाठ्यक्रम मात्र 100 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है।
कुवि ई-लर्न मंच पर पंजीकरण की प्रक्रिया सरल और लचीली रखी गई है। शिक्षार्थी पूरे सप्ताह नामांकन कर सकते हैं तथा प्रत्येक सोमवार को उन्हें अध्ययन प्रबंधन प्रणाली के लिए प्रवेश विवरण उपलब्ध करवाए जाएंगे। पाठोयक्रमों से प्राप्त शैक्षणिक अंकों का उपयोग विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार भविष्य के शैक्षणिक कार्यक्रमों में किया जा सकता है।
सीडीओई की निदेशिका प्रो. मंजूला चौधरी ने बताया कि पाठ्यक्रमों के मूल्यांकन के लिए कार्य-आधारित अभ्यास तथा अंतिम परीक्षा की व्यवस्था की गई है। अंतिम परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे तथा सफल होने के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करना आवश्यक होगा। निर्धारित मानदंड पूरा करने वाले शिक्षार्थियों को प्रत्येक माह के अंत में ई-प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के लिए भुगतान संबंधी लिंक ई-मेल के माध्यम से भेजा जाएगा। प्रो. मंजूला चौधरी ने बताया कि प्रथम चरण में 11 पाठ्यक्रम उपलब्ध करवाए गए हैं। इनमें व्यावसायिक जीवन में संचार, कार्यालय एवं सारणी निर्माण उपकरण, व्यवसाय प्रबंधन, व्यक्तित्व एवं व्यवहार कौशल, संगठनात्मक व्यवहार, विपणन प्रबंधन, वित्तीय साक्षरता, उद्यमिता विकास, व्यावसायिक पर्यावरण, मानव संसाधन प्रबंधन तथा बैंकिंग एवं बीमा शामिल हैं।
प्रो. मंजुला चौधरी ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा के अंतर्गत लगभग 22,000 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। कुवि ई-लर्न मंच विश्वविद्यालय के डिजिटल शिक्षा तंत्र को और अधिक सशक्त करेगा तथा शिक्षार्थियों को निःशुल्क, लचीले और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध करवाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों के साथ-साथ कामकाजी पेशेवरों और निरंतर सीखने की इच्छा रखने वाले शिक्षार्थियों के लिए भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. वीरेंद्र पाल, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. राकेश कुमार, डीन ऑफ कॉलेजिज प्रो. ब्रजेश साहनी, डीन प्रो. संजीव अग्रवाल, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंकेश्वर प्रकाश, प्रो. मोहिंदर चंद, प्रो. अनिल मित्तल, प्रो. सुभाष चंद, लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया, प्रो. अनिता दुआ, डॉ. कुशविंदर कौर, डॉ. दीपक शर्मा सहित दूरस्थ शिक्षा से जुड़े शिक्षक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कुवि धरोहर हरियाणा संग्रहालय में धरोहर तीज उत्सव
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में धरोहर हरियाणा संग्रहालय द्वारा हरियाणा की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं एवं लोक विरासत को संरक्षित करने तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के उद्देश्य से 15 अगस्त को धरोहर तीज उत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 10 बजे धरोहर हरियाणा संग्रहालय में आयोजित होगा।
लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि विश्वविद्यालय के कुलसचिव लेफ्टिनेंट (प्रो.) वीरेन्द्र पाल विशिष्ट अतिथि होंगे। धरोहर हरियाणा संग्रहालय के प्रोफेसर इंचार्ज प्रो. विवेक चावला कार्यक्रम के संयोजक होंगे।
प्रो. पूनिया ने बताया कि कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा भारतीय एवं हरियाणवी संस्कृति, लोक परंपराओं और विरासत के संरक्षण को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। धरोहर तीज उत्सव इसी सांस्कृतिक सरोकार को आगे बढ़ाने वाली पहल है, जो लोक संस्कृति को उत्सव के माध्यम से जीवंत बनाएगी।
केयू में उत्साह के साथ मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस समारोह
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा श्रीमद्भगवद्गीता सदन परिसर में शनिवार को मनाए जाने वाले स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय ध्वजारोहण के बाद एनसीसी परेड की सलामी लेंगे।
लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि विश्वविद्यालय के सभी शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं प्रातः 6 बजकर 50 मिनट पर भगवद्गीता सदन परिसर में पहुंचेंगे और सुबह 7 बजे विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ध्वजारोहण करेंगे। प्रातः 7.15 बजे राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद 7.20 बजे मुख्य अतिथि प्रो. सोमनाथ सचदेवा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संबोधित करेंगे। तत्पश्चात प्रातः 7 बजकर 30 मिनट पर विश्वविद्यालय तथा यूनिवर्सिटी स्कूल के विद्यार्थी देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगे।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी डीन, निदेशकों, चेयरपर्सन, प्राचार्यों, संकाय सदस्यों, शाखा अधिकारियों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों तथा प्रतिभागी विद्यार्थियों को समारोह में आमंत्रित किया है।