कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में जन्माष्टमी उत्सव और टैलेंट हंट का भव्य शुभारंभ, शिक्षक दिवस पर 5 सितंबर को होगा 'एट होम' कार्यक्रम

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में जन्माष्टमी उत्सव और टैलेंट हंट का भव्य शुभारंभ, शिक्षक दिवस पर 5 सितंबर को होगा 'एट होम' कार्यक्रम

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के पर्यटन एवं होटल प्रबंधन विभाग में कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में दो दिवसीय जन्माष्टमी उत्सव और टैलेंट हंट का भव्य शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम की शुरुआत विभाग के पूर्व प्रोफेसर प्रो. रवि भूषण और विभागाध्यक्ष सीनियर प्रोफेसर मोहिंदर चंद ने दीप प्रज्वलित करके तथा मां सरस्वती के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित करके की।

जन्माष्टमी उत्सव और सांस्कृतिक परंपराएं

विभागाध्यक्ष सीनियर प्रोफेसर मोहिंदर चंद ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने बताया कि जन्माष्टमी जैसे सांस्कृतिक उत्सव विद्यार्थियों को भारतीय परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा को निखारने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पर्यटन एवं होटल प्रबंधन के विद्यार्थियों के लिए रचनात्मकता, प्रस्तुतीकरण और आयोजन कौशल अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इस अवसर पर प्रो. रवि भूषण ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति को समझने और उसे रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

प्रतियोगिताओं का विवरण और पहला दिन

इस दो दिवसीय उत्सव के अंतर्गत कुल छह विधाओं में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं में मटकी डेकोरेशन, वॉल हैंगिंग मेकिंग, पेंटिंग, रंगोली, गायन एवं नृत्य शामिल हैं। उत्सव के प्रथम दिन मटकी डेकोरेशन, वॉल हैंगिंग मेकिंग, पेंटिंग और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, सृजनात्मकता और कलात्मक कौशल का परिचय देते हुए आकर्षक कलाकृतियां और सजावटी सामग्री तैयार की। इस कार्यक्रम में विभाग के सभी शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे और विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

उत्सव का दूसरा दिन और पुरस्कार वितरण

उत्सव के दूसरे दिन गायन एवं नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

शिक्षक दिवस पर 'एट होम' कार्यक्रम

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितम्बर को सायं 6.30 बजे कुलगुरु निवास पर ‘एट होम’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा की ओर से विश्वविद्यालय के शिक्षकों के सम्मान में किया जा रहा है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने जानकारी दी कि शिक्षक दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय में प्रतिवर्ष शिक्षकों के सम्मान में ‘एट होम’ कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय के शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करना तथा उनके साथ आत्मीय संवाद स्थापित करना है।

कार्यक्रम की प्रशासनिक तैयारियां

प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि इस कार्यक्रम को सफल एवं गरिमापूर्ण स्वरूप प्रदान करने के लिए विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों एवं शाखाओं के अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें हॉर्टिकल्चर विभाग, युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग, लोक सम्पर्क विभाग, मुख्य सुरक्षा अधिकारी कार्यालय, सामान्य शाखा, ललित कला विभाग, सेनिटेशन शाखा तथा निर्माण शाखा सहित संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दी गई है।

Share:

Comments

Leave a comment