कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के जनसंचार विद्यार्थियों ने किया यूनिवर्सिटी प्रिंटिंग प्रेस का शैक्षणिक भ्रमण

मीडिया के विद्यार्थियों को प्रिंटिग प्रेस की गहन जानकारी जरूरीः रामेश्वर सैनी
विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल और व्यावसायिक को आगे बढ़ाते हैं शैक्षणिक भ्रमणः प्रो. बिंदु शर्मा
केयू जनसंचार संस्थान के विद्यार्थियों ने किया केयू यूनिवर्सिटी प्रिंटिग प्रेस का भ्रमण
शशि अरोड़ा /कुरुक्षेत्र /14 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में एम.ए. जनसंचार के प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने प्रिंटिंग प्रेस प्रक्रिया की जानकारी हेतु केयू की यूनिवर्सिटी प्रिंटिंग प्रेस का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान प्रिंटिंग प्रेस के मैनेजर एवं इंचार्ज रामेश्वर सैनी ने विद्यार्थियों को प्रिंटिंग मशीनों की तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी दी।
प्रिंटिंग मशीनों और तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी
उन्होंने बताया कि पारंपरिक वुडब्लॉक, गुटेनबर्ग, हैंड प्रेस, सिलेंडर एवं रोटरी प्रेस से लेकर वर्तमान में हाई स्पीड इंकजेट, ऑफसेट, वेब ऑफसेट, शीट फेड ऑफसेट, लेमिनेशन, यूवी प्रिंटिंग तथा ऑटोमेटिक पेपर कटिंग जैसी आधुनिक मशीनों का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रिंटिंग उद्योग ने मानव सभ्यता और विभिन्न क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है तथा इसमें रोजगार एवं स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। इसलिए मीडिया विद्यार्थियों के लिए प्रिंटिंग प्रेस की व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी आवश्यक है।
शैक्षणिक भ्रमण का महत्व
संस्थान की निदेशिका प्रो. बिंदु शर्मा ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर प्रदान करते हैं। ऐसे अनुभव विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल एवं व्यावसायिक समझ को मजबूत करने के साथ पाठ्यक्रम के तकनीकी पहलुओं को बेहतर ढंग से समझने में सहायक होते हैं। भ्रमण का नेतृत्व कर रहे असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अभिनव ने कहा कि पत्रकारिता के इतिहास में प्रिंटिंग प्रेस का महत्वपूर्ण स्थान है। विद्यार्थियों के लिए प्रिंटिंग प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से समझना उनके व्यावहारिक ज्ञान को समृद्ध करता है।
उपस्थित गणमान्य और विद्यार्थी
इस अवसर पर प्रिंटिंग प्रेस से विनोद कुमार, दीपक मिश्रा, सतीश, विक्की, अभिषेक, प्रवीन कुमार एवं शुभम, प्रियंका, गुरुप्रित, वंदना, रिया सिंह, लवलीन कौर, नैंसी, अमृता मिश्रा, राहुल, करण वर्मा, मनीषा, रिप्ती, सरस्वती, छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।