कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आठ दिवसीय एनईपी ओरिएंटेशन कार्यक्रम का शुभारंभ

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में गांधी मेमोरियल नेशनल कॉलेज, अंबाला छावनी द्वारा यूजीसी-एमएमटीटीसी, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सहयोग से आठ दिवसीय ऑनलाइन एनईपी ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त ने यूजीसी-एमएमटीटीसी की निदेशक प्रो. प्रीति जैन और उपनिदेशक डॉ. नीरज बातिश का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि कॉलेज में बहुविषयक शिक्षा, कौशल विकास, विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षण, नवाचार और व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में प्रो. इंदू पांडेखंडूरी के विचार
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में प्रो. इंदू पांडेखंडूरी ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की पृष्ठभूमि, क्षमता, भाषा, संस्कृति और सीखने की आवश्यकताएं अलग-अलग होती हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यार्थी के साथ भेदभाव न हो तथा सभी को सम्मान, सहभागिता और अपनी प्रतिभा विकसित करने के समान अवसर मिलें, तभी शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य पूरा हो सकेगा।
द्वितीय सत्र में प्रो. सनीम फातिमा का संबोधन
द्वितीय सत्र में प्रो. सनीम फातिमा ने कहा कि शिक्षक प्रत्येक विद्यार्थी की आवश्यकताओं और क्षमताओं को समझकर समान एवं सहयोगात्मक शिक्षण वातावरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि संवेदनशील एवं विद्यार्थी-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाकर शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सहभागिता और सीखने की भावना को बढ़ावा दिया जा सकता है। कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. ज्योति सौरौत ने कार्यक्रम को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाते हुए आमंत्रित संसाधन व्यक्तियों का परिचय प्रतिभागियों से करवाया।
कार्यक्रम में जुड़े प्रतिभागी और संवाद
कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों से लगभग 50 प्रतिभागी ऑनलाइन जुड़े। प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों के साथ संवाद कर अपने अनुभव साझा किए और कार्यक्रम को उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।