कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में एनएसएस शिविर, एनईपी संगोष्ठी और जनसंचार विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में एनएसएस शिविर, एनईपी संगोष्ठी और जनसंचार विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से जुड़े विभिन्न विभागों में हाल ही में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। इन कार्यक्रमों में राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर, राष्ट्रीय शिक्षा नीति ओरिएंटेशन और जनसंचार के विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण शामिल रहा है। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में ये सभी गतिविधियां सफलतापूर्वक संपन्न हुईं।

केयू में यूटीडी की एनएसएस इकाई द्वारा एक दिवसीय शिविर आयोजित

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के फैकल्टी लाउंज में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-1 एवं इकाई-2 द्वारा एक दिवसीय शिविर एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 200 से अधिक राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयं सेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह कार्यक्रम छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. ए. आर. चौधरी के नेतृत्व में तथा डॉ. राज रतन एवं डॉ. सतीश कुमार द्वारा आयोजित किया गया। डॉ. राज रतन ने आगामी कार्यक्रमों एवं भविष्य के कैलेंडर पर स्वयंसेवकों के साथ चर्चा की। विभिन्न गतिविधियों के सुचारु संचालन के लिए स्वयंसेवकों को विभागवार जिम्मेदारियां सौंपने तथा सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। उन्होंने स्वयंसेवकों से जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करते हुए प्रत्येक गतिविधि को सफल बनाने का आह्वान किया। डॉ. सतीश कुमार ने कहा कि समाज सेवा के माध्यम से स्वयंसेवक न केवल सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हैं, बल्कि अपने व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता एवं कार्यकुशलता का भी विकास करते हैं। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना की अब तक की यात्रा एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए स्वयंसेवकों को सक्रिय एवं समर्पित भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन महक द्वारा किया गया और इसके सफल आयोजन में हर्ष कुमार, जितेल, अनुभूति, काजल, तमन्ना, वर्षा, स्मृति एवं महक यादव की विशेष भूमिका रही।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

एनईपी ओरिएंटेशन कार्यक्रम के तीसरे दिन अकादमिक नेतृत्व पर चर्चा

यूजीसी-मालवीय मिशन टीचर ट्रेनिंग सेंटर द्वारा आचार्य रघुवीर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबाला कैंट के सहयोग से आयोजित 37वें 08-दिवसीय ऑनलाइन एनईपी ओरिएंटेशन एवं सेंसिटाइजेशन कार्यक्रम के तीसरे दिन अकादमिक नेतृत्व एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। प्रथम तकनीकी सत्र की शुरुआत सत्र समन्वयक डॉ. अंजू तंवर द्वारा प्रतिभागियों के स्वागत एवं मुख्य वक्ता के परिचय के साथ हुई। पहले सत्र में केंद्रीय विश्वविद्यालय हरियाणा के प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि प्रभावी अकादमिक नेतृत्व संस्थान की दृष्टि, उद्देश्यों एवं आवश्यकताओं के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने छात्र-केंद्रित सुविधाओं, पाठ्यक्रम, मूल्यांकन, शोध एवं नवाचार, संकाय विकास तथा एआई के दौर में कौशल आधारित शिक्षा की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। दूसरे सत्र में केंद्रीय विश्वविद्यालय हरियाणा के प्रो. दिनेश चहल ने अकादमिक नेतृत्व पर संवादात्मक सत्र प्रस्तुत किया। उन्होंने विभिन्न प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से अनुशासन, समर्पण, निरंतरता, अभ्यास, पेशेवर आचरण एवं जिम्मेदारी जैसे नेतृत्व गुणों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि अकादमिक नेतृत्व केवल प्रशासनिक पद तक सीमित नहीं, बल्कि व्यक्ति के आचरण, मूल्यों, प्रतिबद्धता और दूसरों को प्रेरित करने की क्षमता में दिखाई देता है

जनसंचार के विद्यार्थियों ने जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का किया शैक्षणिक भ्रमण

जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान के एम.ए. जनसंचार एवं एम.एससी. अंतिम वर्ष के 22 विद्यार्थियों ने जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, कुरुक्षेत्र का शैक्षणिक भ्रमण किया। यह भ्रमण संस्थान के सहायक प्रोफेसर डॉ. अभिनव एवं सहायक प्रोफेसर सुनीता के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. नरेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में सकारात्मक विचारों के साथ आगे बढ़ना अत्यंत आवश्यक है। आज के विद्यार्थी ही भविष्य में पत्रकार, उपसंपादक, संपादक एवं सूचना अधिकारी के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता के लिए कड़ी मेहनत के साथ-साथ तथ्यों एवं आंकड़ों की सटीक जानकारी होना बेहद जरूरी है। डॉ. नरेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले ड्रोन कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया और बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे। सहायक जन सूचना अधिकारी केदारनाथ ने विद्यार्थियों को विभाग की दैनिक कार्यप्रणाली से अवगत कराया। संस्थान की निदेशिका प्रो. बिंदु शर्मा ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से संबंधित व्यावहारिक ज्ञान एवं कार्यक्षेत्र का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करना है। इस भ्रमण में कुल 22 विद्यार्थी शामिल रहे।

Share:

Comments

Leave a comment