हिसार के आदमपुर में कुलदीप और भव्य बिश्नोई ने ग्रामीणों से की बातचीत, काबरेल स्कूल के लिए 87.66 लाख मंजूर

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई ने मंगलवार को आदमपुर हलके के गांव किशनगढ़ और खारा बरवाला में आयोजित जलपान कार्यक्रमों में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात की और गांवों में चल रहे विकास कार्यों तथा स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
कुलदीप और भव्य बिश्नोई ने बताया पारिवारिक रिश्ता
कुलदीप बिश्नोई और भव्य बिश्नोई ने कहा कि आदमपुर और भजनलाल परिवार का रिश्ता राजनीतिक नहीं है। यह रिश्ता पीढ़ियों पुराना पारिवारिक रिश्ता है। आदमपुर के लोगों ने हमेशा इस परिवार को अपना प्यार और विश्वास दिया है। क्षेत्र का विकास और जनता की सेवा उनके लिए राजनीति से बढ़कर है। उन्होंने कहा कि पिछले करीब दो वर्षों में आदमपुर हलके में करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। सड़क, बिजली, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। ग्रामीणों की वर्षों पुरानी जायज मांगों को सरकार के समक्ष उठाकर पूरा करवाने के लगातार प्रयास जारी हैं।
काबरेल स्कूल के लिए 87.66 लाख रुपये मंजूर
भव्य बिश्नोई ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी मांग पर गांव काबरेल के सरकारी प्राथमिक विद्यालय में नई इमारत के निर्माण के लिए हरियाणा शिक्षा विभाग ने 87.66 लाख रुपये मंजूर किए हैं। इस राशि से स्कूल में सात कमरों का निर्माण किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और स्कूल को अतिरिक्त आधारभूत सुविधाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा आदमपुर के विकास की प्राथमिकताओं में विशेष रूप से शामिल है। इसके साथ ही गांवों में सड़क, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समान रूप से सभी विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। कुलदीप और भव्य बिश्नोई ने कहा कि आदमपुर के हर गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य है। इस अवसर पर नलवा विधायक रणधीर पनिहार सहित अनेक ग्रामीण विशेष रूप से मौजूद रहे।