कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में रक्षाबंधन, स्वच्छता अभियान और राष्ट्रीय संगोष्ठी से जुड़ी अहम खबरें

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में रक्षाबंधन, स्वच्छता अभियान और राष्ट्रीय संगोष्ठी से जुड़ी अहम खबरें

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से जुड़े विभिन्न आयोजनों और कार्यक्रमों की जानकारी सामने आई है। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर विश्व शांति धाम सेवा केंद्र की प्रभारी ब्रह्माकुमारी बीके सरोज बहन ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा एवं कुलसचिव प्रो. वीरेंद्र पाल को राखी बांधी। उन्होंने दोनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखी, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की। कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने ब्रह्माकुमारी बीके सरोज बहन का आभार व्यक्त करते हुए रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है, जो केवल भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का प्रतीक ही नहीं, बल्कि आपसी स्नेह, विश्वास, सम्मान और सामाजिक समरसता की भावना को भी मजबूत करता है। कुलसचिव प्रो. वीरेंद्र पाल ने भी रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षाबंधन का भारतीय संस्कृति में पर्वों का विशेष महत्व है और ये पर्व हमें अपने संस्कारों एवं मानवीय मूल्यों से जुड़े रहने की प्रेरणा देते हैं। बीके सरोज बहन ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, विश्वास, सम्मान और सकारात्मक संकल्प का प्रतीक भी है। उन्होंने सभी से जीवन में शांति, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। इस अवसर पर बहन प्रियंका एवं सरदार हरबंस सिंह ओजला भी उपस्थित रहे।

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में विशेष स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान का आयोजन

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) यूनिट-3 द्वारा सामान्य शाखा के सामने स्थित स्वामी विवेकानंद प्रतिमा प्रांगण में विशेष स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. एआर चौधरी ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान तक सीमित न रहकर प्रत्येक व्यक्ति की दैनिक जिम्मेदारी बननी चाहिए। उन्होंने स्वयंसेवकों से परिसर की स्वच्छता बनाए रखने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। इस अवसर पर एनएसएस यूनिट-3 की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निधि माथुर ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य परिसर को स्वच्छ, हरा-भरा एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाना तथा विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने बड़े उत्साह के साथ विवेकानंद प्रतिमा परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई की तथा विभिन्न पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। स्वयंसेवकों ने रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल और सिंचाई का संकल्प भी लिया।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग द्वारा लोक साहित्य और संस्कृति पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन

लोक साहित्य और संस्कृति केवल हमारी परंपराओं एवं लोक स्मृतियों के वाहक ही नहीं, बल्कि बदलते वैश्विक परिवेश में सामाजिक मूल्यों, सांस्कृतिक पहचान और सामुदायिक चेतना को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं। इसी व्यापक दृष्टिकोण के साथ कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग तथा साहित्य अकादमी, संस्कृति मंत्रालय, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में लोक साहित्य एवं संस्कृति के विविध आयाम विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन 25 अगस्त को विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में प्रातः 9.45 बजे किया जाएगा। हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि संगोष्ठी की अध्यक्षता कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा करेंगे, जबकि साहित्य अकादमी, नई दिल्ली के अध्यक्ष माधव कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि संगोष्ठी में प्रो. लाल चंद गुप्त मंगल, प्रो. पूर्ण चंद शर्मा, पद्मश्री डॉ. संत राम देशवाल, डॉ. राजेंद्र रंजन चतुर्वेदी, डॉ. धर्मदेव विद्यार्थी तथा रामफल चहल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि आयोजन समिति में डॉ. अंबेडकर केंद्र के निदेशक डॉ. प्रीतम, प्रो. सुकर्मवती, डॉ. हरिओम फुलिया, डॉ. वंदना शर्मा, डॉ. जसवीर सिंह तथा हिंदी विभाग के शोधार्थी शामिल हैं।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंची कुवि की राष्ट्रीय संगोष्ठी और शोध-पत्रों का प्रकाशन

हिंदी विभाग द्वारा 25 अगस्त को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय संगोष्ठी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शुभकामनाएं प्राप्त हुई हैं जिससे कुवि हिंदी विभाग की राष्ट्रीय संगोष्ठी विश्व पटल तक पहुंच गई है। हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि संगोष्ठी के लिए ऑस्ट्रेलिया से सेवा सिंह, पाकिस्तान से अख्तर मिर्जा, आइसलैंड से प्रो. वीर पाल सिंह यादव, नीदरलैंड से मनीष पांडे, बुल्गारिया से डॉ. मोना कौशिक, श्रीलंका से अतिला कुत्लावल्हु एवं सुभाषिनी रत्नायके तथा मॉरीशस से डॉ. कृष्ण कुमार झा ने शुभकामना संदेश भेजे हैं। विभिन्न देशों से प्राप्त शुभकामनाएं संगोष्ठी के अंतरराष्ट्रीय महत्व और वसुधैव कुटुंबकम की भावना को और मजबूत करती हैं। संगोष्ठी की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि यह होगी कि इसमें प्रस्तुत चयनित शोध-पत्रों को साहित्य अकादमी द्वारा पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया जाएगा। इससे शोधकर्ताओं के अकादमिक कार्य को व्यापक मंच मिलेगा तथा लोक साहित्य एवं संस्कृति से संबंधित महत्वपूर्ण शोध सामग्री भविष्य के शोधार्थियों के लिए भी उपयोगी होगी।

कुवि में बी.फार्मेसी-लीट की रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए 2 सितंबर तक करें आवेदन

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी.फार्मेसी-लीट (तीसरे सेमेस्टर) कार्यक्रम की रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय की ओर से एआईसी, एचओजीसी, एससी और बीसी वर्ग की रिक्त सीटों को भरने के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट तथा प्रवेश पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 2 सितंबर 2026 रात 11.59 बजे निर्धारित की गई है। सामान्य अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन शुल्क 1200 रुपये, जबकि हरियाणा के एससी, बीसी और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये निर्धारित किया गया है। प्रवेश के लिए पात्रता संबंधी शर्तें हरियाणा तकनीकी शिक्षा विभाग की बी.फार्मेसी ब्रॉशर में दी गई हैं। प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि प्रवेश एचएसटीईएस द्वारा आयोजित बीफार्मेसी (लीट) ओसीईटी -2025 में प्राप्त रैंक के आधार पर किया जाएगा।

Share:

Comments

Leave a comment