कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय: विधि संस्थान के 25 वर्ष पूरे, पीएम इंटर्नशिप योजना और ज्ञान के सिद्धांत पर विशेष कार्यक्रम आयोजित

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय: विधि संस्थान के 25 वर्ष पूरे, पीएम इंटर्नशिप योजना और ज्ञान के सिद्धांत पर विशेष कार्यक्रम आयोजित

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से जुड़े इस समाचार में तीन महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की जानकारी सामने आई है। इसमें कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विधि संस्थान के 25 वर्ष पूरे होने पर सम्मान समारोह, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के लिए नोडल अधिकारी की नियुक्ति और यूनिवर्सिटी सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल में थ्योरी ऑफ नॉलेज पर आयोजित इन-हाउस ट्रेनिंग शामिल हैं। इन सभी आयोजनों में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

केयू विधि संस्थान के 25 वर्ष पूर्ण होने पर संकाय सदस्यों का सम्मान

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के कुशल मार्गदर्शन में विधि संस्थान द्वारा संस्थान की स्थापना के सफलतापूर्वक 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों के सम्मान में एक गरिमापूर्ण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डॉ. ममता सचदेवा जो कि अध्यक्ष, विद्या भारती संस्कृत शिक्षा संस्थान, कुरुक्षेत्र हैं, उन्होंने कहा कि किसी संस्थान की वास्तविक शक्ति उसके मानव संसाधन में निहित होती है। यही मानव संसाधन संस्थान की उपलब्धियों को दिशा देता है और उसे उत्कृष्टता के नए आयामों तक पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि योग्य शिक्षक, शोधकर्ता, अधिकारी एवं कर्मचारी ही संस्थान की प्रगति, नवाचार और उत्कृष्टता के वास्तविक आधार होते हैं। उन्होंने विधि संस्थान के 25 वर्षों की सफल यात्रा में योगदान के लिए संकाय सदस्यों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों को बधाई दी। इस अवसर पर संस्थान की ओर से मुख्यातिथि डॉ. ममता सचदेवा को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विधि संकाय की डीन प्रो. प्रीति जैन तथा विधि संस्थान की पूर्व निदेशिका प्रो. सुशीला देवी चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ विधि संस्थान के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भगत सिंह प्रकरण पर आधारित कोर्ट ट्रायल से हुआ। विद्यार्थियों ने न्यायालयीन कार्यवाही का प्रभावशाली मंचन करते हुए स्वतंत्रता संग्राम के इस ऐतिहासिक प्रकरण के विभिन्न कानूनी एवं संवैधानिक पहलुओं को प्रस्तुत किया। केयू विधि संस्थान के निदेशक प्रो. अमित लूदरी ने मुख्यातिथि डॉ. ममता सचदेवा को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि संस्थान की 25 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा में शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं पूर्व छात्रों के योगदान को रेखांकित करते हुए सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की सफलता उसके समर्पित शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम होती है। डीन, फैकल्टी ऑफ लॉ, प्रो. प्रीति जैन ने संस्थान की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि 25 वर्षों की यह यात्रा निरंतर मेहनत, समर्पण और उत्कृष्टता का प्रतीक है। वहीं एसोसिएट प्रो. तृप्ति चौधरी ने कहा कि इन 25 वर्षों में संस्थान ने शिक्षा, शोध, मूट कोर्ट, विधिक जागरूकता एवं अन्य अकादमिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। कार्यक्रम के अंत में विधि संस्थान के उपनिदेशक डॉ. रमेश कुमार सिरोही ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विधि संस्थान के सभी शिक्षक एवं गैर शिक्षक कर्मचारी मौजूद रहे।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

डॉ. मोहिंदर सिंह बने पीएम इंटर्नशिप योजना के नोडल अधिकारी

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु के निर्देशानुसार विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. मोहिंदर सिंह को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत विश्वविद्यालय के शिक्षण विभागों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह जानकारी लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने दी। उन्होंने बताया कि डॉ. मोहिंदर सिंह विश्वविद्यालय के विभिन्न शिक्षण विभागों में विद्यार्थियों की आउटरीच, आवेदन संबंधी सहायता तथा मिनिस्ट्री आफ़ कॉर्पाेरेट अफेयर्स टीमों के साथ समन्वय का कार्य करेंगे। इसके साथ ही वे प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों की भागीदारी एवं मोबिलाइजेशन को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करेंगे। डॉ. मोहिंदर सिंह ने इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए कुवि कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना का अधिक से अधिक लाभ दिलाने तथा उनकी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।

अच्छे शिक्षण के लिए ज्ञान के सिद्धांत को प्रभावी ढंग से लागू करना जरूरी

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल में सीबीएसई के तत्वावधान में थ्योरी ऑफ नॉलेज विषय पर एक दिवसीय इन-हाउस ट्रेनिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की मुख्य वक्ता अनुराधा ने कहा कि अच्छे शिक्षण के लिए ज्ञान के सिद्धांत को प्रभावी ढंग से लागू करना जरूरी है क्योंकि इसके माध्यम से ही विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा सकती है। प्रशिक्षण सत्र के दौरान अनुराधा ने ज्ञान और जानकारी के बीच अंतर सहित ज्ञान के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने ज्ञान के सिद्धांतों को शिक्षण प्रक्रिया में प्रभावी ढंग से शामिल कर उन्होंने शिक्षकों को कक्षा-कक्ष में विभिन्न अवधारणाओं के व्यावहारिक प्रयोग तथा विद्यार्थियों में तर्कपूर्ण चिंतन, जिज्ञासा और समझ विकसित करने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने विषय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की और शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के तरीकों पर चर्चा की। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को ज्ञान के विभिन्न सिद्धांतों से अवगत करवाने तथा उन्हें कक्षा-कक्ष में प्रभावी रूप से लागू करने के लिए प्रशिक्षित करना था। इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. सुखविंद्र सिंह ने मुख्यातिथि अनुराधा का स्वागत किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के प्रो. अनिल मित्तल ने प्रशिक्षण में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. सुखविंद्र सिंह ने कार्यक्रम को शिक्षकों के व्यावसायिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया और वक्ता अनुराधा का आभार व्यक्त किया।

Share:

Comments

Leave a comment