लाडवा में धूमधाम से शुरू हुआ 13वां गणेश उत्सव, नगर खेड़ा से निकाली गई भव्य शोभायात्रा

नगर खेड़ा से निकली गणपति बप्पा की भव्य शोभायात्रा
बीरे की चक्की के पास 13वां गणेश उत्सव शुरू
मानव गर्ग/लाडवा /15 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
लाडवा में श्री बाल गणेश सेवा मंडल द्वारा 13वां गणेश उत्सव धूमधाम के साथ शुरू हो गया है। बीरे की चक्की के पास एक भव्य पंडाल सजाया गया है। इस पंडाल में गणपति बप्पा की विशाल मूर्ति स्थापित की गई है।
नगर खेड़ा से निकाली गई भव्य शोभायात्रा
मंडल की ओर से नगर खेड़ा से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रदीप सहगल ने भगवा झंडा दिखाकर इस शोभायात्रा को रवाना किया। बैंड-बाजों के साथ निकाली गई इस शोभायात्रा में गणपति बप्पा की प्रतिमा मुख्य आकर्षण का केंद्र रही।
गणेश उत्सव और अतिथियों की उपस्थिति
मंडल सेवक शुभम अग्रवाल ने जानकारी दी कि पिछले 12 वर्षों से लगातार यहां गणेश उत्सव मनाया जा रहा है। भाजपा नेता प्रदीप सहगल ने कहा कि उन्हें मंडल की ओर से इस पुण्य कार्य का हिस्सा बनने का अवसर पाकर गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि गणेश महोत्सव भले ही महाराष्ट्र से शुरू हुआ हो, लेकिन अब पूरे देश में इसे पूरी आस्था और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और मंडल सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सत्य प्रकाश शर्मा, अनिल गुप्ता, विजय वधावन, सुनील तौमर, पयूषू, महेश, सुधीर, अंकुर, हिमांशु, लक्की, सोनू, योगेश आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे।