लाडवा में 12 साल से बाईपास का इंतजार, पूर्व विधायक रमेश गुप्ता ने सरकार को घेरा

मुख्यमंत्री नायब सैनी के हल्के में 12 साल से बाईपास का इंतजार, सरकार ने घोषणा तक नहीं की: रमेश गुप्ता
पूर्व विधायक रमेश गुप्ता ने यमुनानगर-कुरूक्षेत्र फोरलेन का काम भी शुरू नहीं होने पर उठाए सवाल
मानव गर्ग/लाडवा/ 22 अगस्त2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
थानेसर के पूर्व विधायक व वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश गुप्ता ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर लाडवा विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लाडवा विधानसभा क्षेत्र से विधायक मुख्यमंत्री के पद पर आसीन हैं, इसके बावजूद लाडवा की वर्षों पुरानी मांगों पर सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही।
शनिवार को लाडवा अनाजमंडी स्थित धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व विधायक रमेश गुप्ता ने कहा कि पिछले करीब 12 वर्षों से लाडवा विधानसभा क्षेत्र के लोग शहर में बाईपास और यमुनानगर से कुरुक्षेत्र तक फोरलेन सडक़ की मांग करते आ रहे हैं। इसके बावजूद आज तक न तो फोरलेन का काम शुरू हुआ और न ही लाडवा बाईपास को लेकर सरकार की ओर से कोई ठोस कदम उठाया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अभी तक बाईपास की घोषणा तक नहीं की है, जबकि लाडवा में बढ़ते यातायात के कारण इसकी आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, उस समय लाडवा बाईपास की घोषणा की गई थी और इसके लिए बजट भी स्वीकृत किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बदलने के बाद यह परियोजना ठंडे बस्ते में चली गई और पिछले कई वर्षों से लाडवा की जनता बाईपास की सुविधा का इंतजार कर रही है।
उन्होंने कहा कि जब नायब सिंह सैनी लाडवा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे थे, तब उन्होंने विभिन्न जनसभाओं और नुक्कड़ सभाओं में बाईपास को लेकर जनता से वादे किए थे। उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली कलम से लाडवा बाईपास की घोषणा करेंगे और इसे बनवाने का काम शुरू करवाएंगे। रमेश गुप्ता के अनुसार, सरकार को सत्ता में आए दो वर्ष से अधिक समय हो चुका है, लेकिन अभी तक बाईपास की घोषणा तक नहीं हुई है।
उन्होंने बताया कि उनके और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा को लिखित पत्र दिए जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि आगामी मानसून विधानसभा सत्र में लाडवा बाईपास का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया जाए और सरकार पर दबाव बनाकर लाडवा की जनता को बाईपास की सौगात दिलाई जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार और उनके कार्यकाल के दौरान लाडवा विधानसभा क्षेत्र में करवाए गए विकास कार्यों पर भी मौजूदा सरकार केवल लीपापोती कर अपने नाम के पत्थर लगाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर उनके कार्यकाल के दौरान लगाए गए शिलापटों को किनारे किया जा रहा है या हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लाडवा हलके में विकास कार्यों की स्थिति संतोषजनक नहीं है।
शहर और ग्रामीण क्षेत्र की कई सडक़ों की हालत खराब है और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की मांगों और आमजन की समस्याओं पर भी सरकार पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही। मौके पर जिला उपाध्यक्ष जसबीर पंजेटा, मनजीत जैलदार, डा. अनिल गोयल, डा. कमल शर्मा, अमित कुमार, रामकुमार, रामकरण जैनपुर, रूबल शर्मा, दर्शन लाल आदि मौजूद थे।