गणपति उत्सव से पहले लाडवा में मिट्टी के गणेश जी की प्रतिमाओं की भारी मांग, 350 से 16 हजार रुपये तक है कीमत

गणपति उत्सव से पहले मिट्टी के गणेश जी की प्रतिमाओं की बढ़ी मांग, आधा फीट से 9 फीट तक की विशाल प्रतिमाएं तैयार
350 से 16 हजार रुपये तक है कीमत: 13-14 सितंबर से सजेगा लाडवा व आसपास के गांवों में गणेश उत्सव
12 सितंबर/लाडवा मंडी की खबरे मानव गर्ग द्वारा /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
गणपति उत्सव को लेकर लाडवा शहर और आसपास के गांवों में तैयारियां जोर पकडऩे लगी हैं। 13 और 14 सितंबर से विभिन्न स्थानों पर पंडाल सजाकर भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी। उत्सव को लेकर जहां विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाएं तैयारियों में जुटी हैं, वहीं गणेश प्रतिमा बनाने वाले कारीगरों के पास भी श्रद्धालु अपनी पसंद की प्रतिमाएं बुक करवाने पहुंच रहे हैं।
लाडवा में वर्षों से भगवान श्री गणेश की प्रतिमाएं तैयार करने वाले कारीगर दिलीप कुमार ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं में मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता बढऩे के कारण लोग अन्य प्रतिमाओं की बजाय मिट्टी से बनी प्रतिमाओं को प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि लाडवा में पिछले कई दिनों से आधा फीट से लेकर 9 फीट तक की विशाल गणेश प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। अलग-अलग स्वरूप और आकर्षक डिजाइन में बनाई जा रही प्रतिमाएं श्रद्धालुओं को खूब पसंद आ रही हैं। प्रतिमाओं की कीमत 350 रुपये से शुरू होकर 16 हजार रुपये तक है। श्रद्धालु अपनी पसंद और बजट के अनुसार प्रतिमाओं की बुकिंग करवा रहे हैं।
आकर्षक श्रृंगार वाली प्रतिमाओं की भी मांग
दिलीप कुमार ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं को मिट्टी से तैयार की गई प्रतिमाओं के साथ-साथ कारीगरों द्वारा विशेष रूप से श्रृंगार की गई गणेश प्रतिमाएं भी खूब पसंद आ रही हैं। गणेश जी की प्रतिमाओं को आकर्षक स्वरूप देने के लिए अलग-अलग तरह से सजाया जा रहा है। प्रतिमा के आकार और श्रृंगार के आधार पर उसकी लागत अलग-अलग होती है। उन्होंने बताया कि महंगाई के कारण इस बार पिछले वर्षों की तुलना में ग्राहकों की संख्या में कुछ कमी जरूर नजर आ रही है, लेकिन गणपति उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार है। कई लोग पहले से ही अपनी पसंद की प्रतिमाएं बुक करवा रहे हैं।
पंडाल सजाने की तैयारियां शुरू
गणपति उत्सव के लिए लाडवा शहर सहित आसपास के गांवों में विभिन्न संस्थाओं और श्रद्धालुओं की ओर से पंडाल तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है। 13 और 14 सितंबर से अलग-अलग स्थानों पर भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं की स्थापना कर पूजा-अर्चना की जाएगी। गणपति उत्सव को लेकर शहर में अभी से धार्मिक माहौल बनने लगा है और श्रद्धालु उत्सव की तैयारियों में जुट गए हैं।