लाडवा अनाज मंडी में सीएम के प्रतिनिधि कैलाश सैनी ने किया दौरा, आढ़तियों ने 15 सितंबर से सरकारी खरीद की मांग उठाई

धान सीजन से पहले मंडी पहुंचे सीएम के प्रतिनिधि कैलाश सैनी, व्यापारियों से जानी व्यवस्थाएं
आढ़ती एसोसिएशन ने 15 सितंबर से सरकारी खरीद शुरू करने की रखी मांग, मंडी की अधूरी व्यवस्थाएं जल्द पूरी कराने को कहा
लाडवा/मानव गर्ग /30 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
धान सीजन से पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के लाडवा प्रतिनिधि कैलाश सैनी ने रविवार को लाडवा अनाज मंडी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मंडी के व्यापारियों एवं आढ़तियों से मुलाकात करके आगामी धान सीजन को लेकर तैयारियों का जायजा लिया। इस मुलाकात में उन्होंने मंडी में किसानों और व्यापारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा आगामी धान सीजन के दौरान होने वाली व्यवस्थाओं के बारे में पूरी जानकारी प्राप्त की।
आढ़ती एसोसिएशन ने रखी मांग
लाडवा अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान राजीव आर्य ने मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि कैलाश सैनी को धान सीजन को लेकर व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि धान का सीजन अब शुरू होने वाला है। आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में किसान अपनी फसल लेकर अनाज मंडी पहुंचेंगे। ऐसे में यह बहुत जरूरी है कि मंडी में सभी मूलभूत सुविधाएं पहले से दुरुस्त रहें। प्रधान राजीव आर्य ने मांग रखी कि धान की सरकारी खरीद 15 सितंबर से शुरू की जानी चाहिए। इससे किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए अधिक इंतजार नहीं करना पड़ेगा और उन्हें समय पर अपनी फसल का उचित मूल्य मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि धान की सरकारी खरीद समय पर शुरू होने से मंडी में फसल की आवक और खरीद प्रक्रिया बहुत ही व्यवस्थित तरीके से चल सकेगी।
अधूरे विकास कार्यों को पूरा कराने की मांग
प्रधान राजीव आर्य ने मंडी में चल रहे विकास कार्यों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि मंडी में सुविधाओं से संबंधित कुछ कार्य अभी भी अधूरे पड़े हुए हैं। इन सभी कार्यों को संबंधित ठेकेदार से कहकर जल्द से जल्द पूरा करवाया जाना चाहिए। इसके अलावा, जिन-जिन स्थानों पर सड़कें खराब हो चुकी हैं, उनकी मरम्मत करवाने की आवश्यकता है। साथ ही मंडी में लगे वाटर कूलरों की सफाई भी तुरंत करवानी चाहिए ताकि धान सीजन के दौरान किसानों, मजदूरों और व्यापारियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन और सरकार तक बात पहुंचाने का आश्वासन
मुख्यमंत्री के लाडवा प्रतिनिधि कैलाश सैनी ने आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान और मंडी के सभी व्यापारियों को पूरा आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि धान सीजन के दौरान किसानों और व्यापारियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। मंडी में आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों के समक्ष इन सभी समस्याओं को रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि धान की सरकारी खरीद किस तारीख से शुरू की जाएगी, इसको लेकर अभी सरकार के स्तर पर विचार-विमर्श चल रहा है। आढ़ती एसोसिएशन द्वारा 15 सितंबर से सरकारी खरीद शुरू करने की जो मांग रखी गई है, उसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों और व्यापारियों की सभी समस्याओं को सरकार के संज्ञान में लाकर उनके उचित समाधान का पूरा प्रयास किया जाएगा।
बेहतर व्यवस्थाएं और सफाई प्राथमिकता
कैलाश सैनी ने स्पष्ट किया कि धान सीजन के दौरान मंडी में सफाई, पेयजल, सड़क, बिजली, खरीद और उठान सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखना उनकी मुख्य प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी व्यापारियों से भी अपील की कि वे इस कार्य में प्रशासन का पूरा सहयोग करें। इस अवसर पर आढ़ती प्रमोद धवन, सुभाष कांबोज, जिंदरपाल सिंगला, त्रिलोकी चंद, हरिंदर सिंगला, अरविंद सिंघल, रंजीव कपूर, संजीव मंगला और सुरेंद्र सिंघल सहित अनाज मंडी के अनेक प्रमुख व्यापारी उपस्थित रहे।