लाडवा-हिनोरी मार्ग पर खेत में पलटी निजी स्कूल की बस, बाल-बाल बचे चालक और परिचालक

लाडवा-हिनोरी मार्ग पर खेत में पलटी निजी स्कूल की बस, बाल-बाल बचे चालक-परिचालक
लाडवा,/21 अगस्त 2026 मानव गर्ग/अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
लाडवा-हिनोरी मार्ग पर गांव मुरादनगर मोड़ के नजदीक शुक्रवार दोपहर को एक निजी स्कूल की बस सडक़ से नीचे खेत में जाकर पलट गई। गनीमत यह रही कि इस बड़े हादसे के समय बस के अंदर एक भी स्कूली बच्चा सवार नहीं था। बस के चालक और परिचालक दोनों पूरी तरह से सुरक्षित रहे और उन्हें किसी प्रकार की कोई चोट नहीं आई है।
घटना की पूरी जानकारी
लाडवा के ओमप्रकाश गर्ग मेमोरियल स्कूल की बस शुक्रवार के दिन बच्चों को हिनोरी मार्ग की तरफ छोडक़र वापस लाडवा की तरफ आ रही थी। पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बरसात के कारण सडक़ के किनारे की मिट्टी काफी नरम और कच्ची हो गई थी। इसी दौरान बस का एक टायर सडक़ के किनारे उतर गया और मिट्टी खिसकने के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया। बस का चालक बस को संभाल नहीं सका और बस सडक़ से नीचे उतरकर खेत में जाकर पलट गई।
स्कूल प्रबंधक का बयान और राहत कार्य
स्कूल प्रबंधक सुमित गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि हादसे के समय बस में कोई भी बच्चा सवार नहीं था। बस के चालक व परिचालक भी पूरी तरह से सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि बरसात के कारण सडक़ किनारे की मिट्टी नरम होने और खेत का स्तर सडक़ से काफी नीचे होने के कारण बस का संतुलन बिगड़ा था। बाद में एक हैडर की मदद से बस को खेत से सुरक्षित बाहर निकलवाया गया। इस हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। हालांकि गनीमत यह रही कि किसी के भी घायल न होने के कारण सभी ने राहत की सांस ली।