लाडवा में मार्केट कमेटी ने शुरू किया किसान जागरूकता अभियान,

लाडवा में मार्केट कमेटी ने शुरू किया किसान जागरूकता अभियान,

किसानों की फसल खरीद में पारदर्शिता के लिए मार्केट कमेटी ने शुरू किया जागरूकता अभियान

एफएक्यू मानकों के अनुरूप फसल अनाजमंडी में लाएं किसान: डा. दत्त

लाडवा/मानव गर्ग /05 सितंबर  2026/अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

खरीफ सीजन 2026 में किसानों को फसल बिक्री की प्रक्रिया, गुणवत्ता मानकों, आवश्यक दस्तावेजों और सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से मार्केट कमेटी की ओर से गांव जैनपुर जाटान के अधिसूचित क्षेत्र में किसान जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। मार्केट कमेटी चेयरमैन डा. गणेश दत्त की मौजूदगी में आयोजित शिविर में किसानों को मंडी में फसल लाने से पहले बरती जाने वाली सावधानियों तथा खरीद प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। मार्केट कमेटी सचिव संत कुमार ने भी किसानों से निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की।

फसल को अच्छी तरह सुखाकर मंडी में लाएं किसान

मार्केट कमेटी चेयरमैन डा. गणेश दत्त ने कहा कि किसान धान सहित अन्य खरीफ फसलों को अच्छी तरह सुखाकर और निर्धारित फेयर एवरेज क्वालिटी यानी एफएक्यू मानकों के अनुरूप तैयार करके ही मंडी में लेकर आएं। इससे फसल की खरीद प्रक्रिया सुचारु रहेगी और किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मंडी प्रशासन का प्रयास है कि किसानों को उनकी फसल बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत न आए और खरीद प्रक्रिया पूरी तरह व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो।

मंडी गेट पर होगी फोटोग्राफ और बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण

उन्होंने बताया कि मंडी गेट पर प्रवेश के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली अथवा अन्य वाहन का फोटोग्राफ लिया जाएगा। फसल बिक्री के लिए किसान अथवा उनके अधिकृत प्रतिनिधि का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण करवाना आवश्यक होगा। फसल की तुलाई केवल इलेक्ट्रॉनिक वेइंग स्केल के माध्यम से की जाएगी। उन्होंने कहा कि वे मंडी में फसल लेकर आते समय आवश्यक दस्तावेज, जैसे पंजीकरण विवरण और पहचान पत्र, अवश्य साथ लेकर आएं।

बैंक खाते के नाम का मिलान होना है जरूरी

उन्होंने किसानों को यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा कि उनके बैंक खाते का नाम वही हो, जो मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर धान अथवा अन्य खरीफ फसल के पंजीकरण के समय दर्ज किया गया है। बैंक खाते के नाम में अंतर होने पर भुगतान में देरी या अन्य परेशानी उत्पन्न हो सकती है।

सचिव संत कुमार ने नियमों का पालन करने की अपील की

वहीं मार्केट कमेटी सचिव संत कुमार ने कहा कि किसानों को खरीद प्रक्रिया से संबंधित प्रत्येक नियम और सुविधा की जानकारी देना समिति की प्राथमिकता है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे फसल को निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप तैयार करके ही मंडी में लाएं, अपने दस्तावेज पूरे रखें और मंडी प्रशासन तथा खरीद एजेंसियों के निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि किसानों के सहयोग से खरीफ सीजन के दौरान मंडी में खरीद व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।

Share:

Comments

Leave a comment