लाडवा में धार्मिक आयोजन, श्रीराम कथा, किसान जागरूकता शिविर और शूटिंग प्रतियोगिता की खबरें

लाडवा में धार्मिक आयोजन, श्रीराम कथा, किसान जागरूकता शिविर और शूटिंग प्रतियोगिता की खबरें

लाडवा में विभिन्न आयोजनों और गतिविधियों के तहत अनाजमंडी में हवन यज्ञ और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसके अलावा प्राचीन हनुमान मंदिर में श्री राम कथा का आयोजन हुआ, लाडवा अनाजमंडी में किसान जागरूकता शिविर लगाया गया और सहारा इंटरनेशनल स्कूल के छात्र ने शूटिंग प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर के लिए क्वालीफाई किया।

लाडवा अनाजमंडी में हवन यज्ञ के बाद विशाल भंडारा आयोजित

लाडवा अनाजमंडी आढ़ती एसोसिएशन की ओर से व्यापारियों, राइस मिलर्स व मुनीमों के सहयोग से अनाजमंडी में हवन यज्ञ व विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। एसोसिएशन के प्रधान राजीव आर्य ने कहा कि एसोसिएशन की ओर से हर वर्ष समाज की सुख-शांति, समृद्धि और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से हवन यज्ञ व भंडारे का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन हमें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने व जरूरतमंदों की सेवा करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी व्यापारियों, राइस मिलर्स, मुनीमों और मंडी व्यापारियों का आभार जताया। वहीं विस्तार मंडी के प्रधान स्वीटी भुल्लर ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि मंडी के व्यापारियों व यहां कार्य करने वाले सभी लोगों के सामूहिक सहयोग से आयोजित भंडारे में भारी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं हवन यज्ञ के बाद भंडारे का शुभारंभ किया गया, जिसमें अनाजमंडी में आने वाले व्यापारियों, किसानों, मजदूरों व लोगों सहित हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। मौके पर स्वीटी भुल्लर, अवतार सेखों, अमन गुप्ता, प्रमोद धवन, बलदेव राठी, बबला बपदा, राकेश मलिक, रणजीव कपूर आदि मौजूद थे।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

प्राचीन हनुमान मंदिर में श्री राम कथा के दूसरे दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

लाडवा के प्राचीन हनुमान मंदिर में श्री सरस्वती सत्संग सभा की ओर से आयोजित श्री राम कथा के दूसरे दिन भी श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। संत देवी सुदीक्षा जी महाराज ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि मानव जीवन के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने अपने जीवन में सत्य, मर्यादा, धैर्य, त्याग और कर्तव्य को सर्वोच्च स्थान दिया। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में आने वाली परिस्थितियों से घबराने की बजाय धैर्य और विश्वास के साथ उनका सामना करना चाहिए। भगवान श्रीराम का जीवन हमें यही सीख देता है कि कठिन परिस्थितियों में भी सत्य और धर्म का मार्ग नहीं छोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के समय में मनुष्य भौतिक सुख-सुविधाओं को प्राप्त करने की दौड़ में मानसिक शांति से दूर होता जा रहा है। ऐसे में भगवान का नाम और सत्संग मनुष्य को आत्मिक शांति प्रदान करने का माध्यम बन सकते हैं। राम नाम का स्मरण मन को स्थिर करता है और व्यक्ति को बुरे विचारों से दूर रखते हुए अच्छे कर्मों की ओर प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा केवल सुनने का विषय नहीं है, बल्कि इसके प्रत्येक प्रसंग में जीवन जीने की सीख छिपी हुई है। यदि मनुष्य कथा में बताए गए आदर्शों को अपने व्यवहार में उतार ले तो परिवार में प्रेम, बड़ों के प्रति सम्मान और समाज में आपसी भाईचारा मजबूत हो सकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को भी धार्मिक एवं संस्कारवान वातावरण दें तथा उन्हें भगवान श्रीराम के आदर्शों और भारतीय संस्कृति से परिचित करवाएं। उन्होंने कहा कि परिवार ही संस्कारों की पहली पाठशाला है। माता-पिता का व्यवहार बच्चों के जीवन पर गहरा प्रभाव डालता है। इसलिए परिवार के प्रत्येक सदस्य को प्रेम, संयम, सेवा और सद्भाव की भावना के साथ जीवन जीने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि दूसरों की सेवा करना, जरूरतमंद की सहायता करना और किसी के प्रति मन में द्वेष न रखना भी प्रभु भक्ति का ही एक रूप है।

लाडवा अनाजमंडी में किसान जागरूकता शिविर आयोजित

लाडवा अनाजमंडी में किसानों व व्यापारियों को विभिन्न विभागों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध करवाने व उन्हें जागरूक करने के उद्देश्य से किसान जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कृषि विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, मार्केट कमेटी, किसान संगठनों व आढ़ती एसोसिएशन से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया। शिविर में कृषि विभाग के एसडीओ सुरेश कुमार ने किसानों को कृषि विभाग से संबंधित योजनाओं एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। मार्केट कमेटी के सचिव संत कुमार ने कहा कि इस जागरूकता शिविर का मुख्य उद्देश्य किसानों और व्यापारियों को विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, नियमों और योजनाओं के बारे में जानकारी देकर जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से किसानों को अपनी समस्याओं और सवालों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से सीधे संवाद करने का अवसर मिलता है। वहीं खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के एएफएसओ बृजमोहन ने किसानों और व्यापारियों को विभागीय नियमों एवं अनाज खरीद से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाई। मौके पर वाइस चेयरमैन सुरेंद्र सिंगला, अनाजमंडी प्रधान राजीव आर्य, स्वीटी भुल्लर, संजय गर्ग, रामधारी, जसबीर पंजेटा, रामकुमार खैरा, बलराज सिंह, मामचंद, गुरमेज सिंह बणी, आशीष, स्वर्ण सिंह, गुरनाम सिंह आदि मौजूद थे।

सहारा इंटरनेशनल स्कूल के छात्र हरगुन अरोड़ा ने नॉर्थ जोन शूटिंग प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर के लिए किया क्वालीफाई

लाडवा के सहारा इंटरनेशनल स्कूल के प्रतिभाशाली छात्र हरगुन अरोड़ा ने सीबीएसई नॉर्थ जोन-2026 शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 बॉयज एयर राइफल श्रेणी में कांस्य पदक जीतकर स्कूल का नाम रोशन किया। स्कूल प्रबंधक विक्रांत अग्रवाल ने कहा कि हरगुन की सफलता सहारा इंटरनेशनल स्कूल के लिए गर्व का विषय है। हमें विश्वास है कि हरगुन राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्कूल व लाडवा का नाम गौरवान्वित करेगा। वहीं प्राचार्या रितु गोगिया ने भी हरगुन, उनके अभिभावकों व प्रशिक्षकों को बधाई दी व उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Share:

Comments

Leave a comment