श्री राम हनुमान रामलीला समिति ने मुख्यमंत्री नायब सैनी को लाडवा रामलीला का दिया निमंत्रण

श्री राम हनुमान रामलीला समिति ने मुख्यमंत्री नायब सैनी को रामलीला में पहुंचने का दिया निमंत्रण
4 अक्टूबर से ठाकुरी देवी स्कूल के रामलीला ग्राउंड में होगा प्रभु श्रीराम के चरित्र का भव्य मंचन
मानव गर्ग /लाडवा/9 सितम्बर2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
लाडवा की श्री राम हनुमान रामलीला समिति ने आगामी 4 अक्टूबर से रामलीला ग्राउंड, ठाकुरी देवी स्कूल में शुरू होने जा रहे प्रभु श्री राम के चरित्र के भव्य मंचन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लाडवा पहुंचे थे, जहां समिति के प्रधान राजेश वर्मा के नेतृत्व में समिति के पदाधिकारियों ने उनसे मुलाकात की। समिति पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को लाडवा में होने वाली रामलीला में पहुंचकर प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद लेने तथा कलाकारों का उत्साहवर्धन करने का विशेष निमंत्रण दिया है।
भव्य मंचन और रिहर्सल की तैयारियां
समिति के प्रधान राजेश वर्मा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस बार रामलीला को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए समिति द्वारा विशेष तैयारियां की जा रही हैं। कलाकारों द्वारा प्रतिदिन रात्रि रिहर्सल लगातार की जा रही है। कलाकार अपने-अपने पात्रों के संवाद, अभिनय, मंच संचालन तथा भाव-भंगिमाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं। 15 अगस्त से लगातार चल रही रिहर्सल के कारण कलाकारों में रामलीला को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
संदेश और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
प्रधान राजेश वर्मा ने बताया कि समिति का मुख्य प्रयास यह है कि लाडवा की रामलीला में आने वाले दर्शकों को प्रभु श्रीराम के जीवन, आदर्शों, मर्यादा और संस्कारों का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। मंच सज्जा, पात्रों के अभिनय और संवादों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को निमंत्रण देना समिति के लिए विशेष अवसर है क्योंकि मुख्यमंत्री के पहुंचने से कलाकारों का उत्साह बढ़ेगा और आयोजन को नई ऊर्जा मिलेगी। समिति की ओर से सभी धर्मप्रेमी लोगों से 4 अक्टूबर से शुरू होने वाली रामलीला में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रभु श्रीराम के चरित्र से प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया है। इस अवसर पर समिति के निदेशक कुश गर्ग, उपप्रधान नरेश गर्ग, मंच प्रबंधक राकेश गर्ग बबली, विशाल कंबोज आदि प्रमुख लोग मौजूद रहे।