लाडवा में 4 से 22 अक्टूबर तक होगा रामलीला का मंचन, युवाओं को जोड़ना चुनौती: सचिन गर्ग

इंटरनेट के दौर में युवाओं और बच्चों को रामलीला से जोडऩा चुनौती: सचिन गर्ग
4 से 22 अक्टूबर तक ठाकुरी देवी स्कूल के नजदीक होगा रामलीला मंचन
मानव गर्ग/लाडवा /11 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
लाडवा में श्री राम हनुमान रामलीला समिति की ओर से 4 अक्टूबर से ठाकुरी देवी स्कूल के नजदीक रामलीला का आयोजन किया जाएगा। इस भव्य और आकर्षक रामलीला मंचन को लेकर तैयारियां काफी तेज कर दी गई हैं। इसी सिलसिले में समिति की एक जरूरी बैठक प्रधान राजेश वर्मा के कार्यालय में आयोजित की गई। यह बैठक समिति के संरक्षक सचिन गर्ग की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक के दौरान आगामी दिनों में रामलीला के मंचन को और अधिक बेहतर बनाने पर विचार किया गया। साथ ही ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस धार्मिक आयोजन से जोड़ने को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
युवाओं और बच्चों को जोड़ना एक चुनौती
समिति के संरक्षक सचिन गर्ग ने कहा कि आज का समय इंटरनेट और सोशल मीडिया का दौर है। ऐसे आधुनिक समय में बच्चों और युवाओं को रामलीला के माध्यम से भगवान श्री राम के आदर्श चरित्र से जोड़ना एक बड़ी चुनौती है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह काम असंभव बिल्कुल भी नहीं है। समिति का मुख्य प्रयास यह है कि इस बार 4 से 22 अक्टूबर तक होने वाले रामलीला मंचन को बेहद खास तरीके से प्रस्तुत किया जाए। इस आयोजन से बच्चे, युवा और बड़े सभी लोग जुड़ सकें। इसके जरिए सभी लोग अपनी संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को बहुत करीब से समझ सकें।
15 अगस्त से चल रही है कलाकारों की रिहर्सल
रामलीला के सफल मंचन को सुनिश्चित करने के लिए समिति के कलाकार 15 अगस्त से पूरी निष्ठा के साथ काम कर रहे हैं। सभी कलाकार सेवा भाव के साथ नियमित रूप से रिहर्सल में भाग ले रहे हैं। सभी कलाकार अपने-अपने पात्र और संवाद को अच्छी तरह समझते हुए पूरी मेहनत कर रहे हैं। इस बार के मंचन में पहले की तुलना में कई तरह के बदलाव किए गए हैं। इन बदलावों का उद्देश्य रामलीला को एक नए और अनोखे अंदाज में दर्शकों के सामने प्रस्तुत करना है।
70 से अधिक सदस्य निभा रहे हैं अपनी जिम्मेदारी
समिति के 70 से अधिक सदस्य अपनी-आसानी से सभी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी के साथ निभा रहे हैं। यह सभी सदस्य भगवान श्रीराम के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा भाव से कार्य कर रहे हैं। आने वाले समय में रामलीला की तैयारियों को और अधिक गति प्रदान की जाएगी। रामलीला केवल मनोरंजन का कोई साधारण माध्यम नहीं है। यह हमारी संस्कृति, हमारे संस्कारों और भगवान श्रीराम के आदर्शों को देश की नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक बहुत ही सशक्त माध्यम है।
व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए हुआ कमेटियों का गठन
बैठक के दौरान रामलीला के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। समिति के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसके लिए अलग-अलग कमेटियों का भी गठन किया गया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों तक रामलीला की पूरी जानकारी पहुंचाना है। इस बैठक के दौरान प्रधान राजेश वर्मा, सचिव हेमंत सैनी और उपप्रधान नरेश गर्ग उपस्थित रहे। इनके अलावा इशु कंबोज, अमित सिंघल, विपिन कंबोज, मिंटू कंबोज और राकेश गर्ग सहित कई अन्य लोग भी मौके पर मौजूद रहे।