लाडवा में सफाई और दमकल कर्मचारियों की हड़ताल 28वें दिन भी जारी, निलंबन आदेश की प्रतियां जलाईं

लाडवा में सफाई और दमकल कर्मचारियों की हड़ताल 28वें दिन भी जारी, निलंबन आदेश की प्रतियां जलाईं

नगरपालिका कार्यालय में 28वें दिन भी जारी रही सफाई व दमकल कर्मचारियों की हड़ताल

कर्मचारी को निलंबित किए जाने के विरोध में निलंबन आदेश की प्रतियां जलाकर रोष जताया

लाडवा/मानव गर्ग /02 सितंबर  2026/अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

लाडवा नगरपालिका कार्यालय में बुधवार को सफाई कर्मचारियों ने कर्मचारी को निलंबित किए जाने के विरोध में निलंबन आदेश की प्रतियां जलाकर रोष जताया। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों की मांगों को लागू करने के बजाय आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। सफाई एवं दमकल कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल बुधवार को 28वें दिन भी जारी रही। धरने की अध्यक्षता नगर पालिका कर्मचारी संघ के इकाई प्रधान तरसेम व फायर विभाग के ब्लॉक उपप्रधान हाकम सिंह ने की, जबकि मंच संचालन कुलदीप ने किया।

               राज्य सचिव मंजीत भुल्लर ने कहा कि कर्मचारियों की हड़ताल 6 अगस्त से जारी है। 13 मई को सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच हुए द्विपक्षीय समझौते में जिन मांगों पर सहमति बनी थी, उन्हें बिना शर्त लागू करवाने के लिए यह आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने मांगों को लागू करने के बजाय जॉब सिक्योरिटी संबंधी पत्र जारी किया है, जिससे कर्मचारियों में काफी रोष है।

उन्होंने कहा कि हड़ताल को 2 सितंबर तक बढ़ाया गया है। इसके बाद भी सरकार ने मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं इकाई प्रधान तरसेम ने कहा कि सरकार को 13 मई के समझौते से पीछे हटना भारी पड़ेगा। उन्होंने कहा कि नियमित सरकारी नौकरी के स्थान पर जॉब सिक्योरिटी का पत्र जारी करना कर्मचारियों के साथ धोखा है। जॉब सिक्योरिटी किसी भी स्थिति में नियमित सरकारी नौकरी का विकल्प नहीं हो सकती।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को सत्ता में आए कई वर्ष हो चुके हैं, लेकिन सफाई कर्मचारियों के लिए स्थायी भर्ती की नीति नहीं बनाई गई। उन्होंने कहा कि ग्रुप-डी के पदों पर भी सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति नहीं की जा रही है, जिससे कर्मचारियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने सरकार से सफाई कर्मचारियों की स्थाई भर्ती करने और लंबित मांगों को जल्द लागू करने की मांग की।

उन्होंने बताया कि 13 मई के द्विपक्षीय समझौते में पे-रोल फायरमैन एवं चालकों को नियमित सरकारी नौकरी देने तथा अन्य मांगों को 30 जून 2026 तक लागू करने का आश्वासन दिया गया था। इनमें फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद दमकल कर्मचारियों के आश्रितों को 50-50 लाख रुपए आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को नियमित सरकारी नौकरी, सभी पे-रोल फायरमैन एवं चालकों को नियमित करने, पिछले पांच वर्षों के वेतन वृद्धि के एरियर का भुगतान करने तथा पांच वर्ष से कम सेवा वाले एचकेआरएनएल कर्मचारियों को पे-रोल पर लेकर रोजगार सुरक्षा देने की मांग शामिल थी।

उन्होंने बताया कि आंदोलन को लेकर 13 सितंबर को कुरुक्षेत्र में महापंचायत आयोजित की जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। मौके पर श्रवण सिंह, सुरेश गुड़ा, सुरेश, सरवन, राजकुमार, ललित, अमित, परमजीत, ऋषिपाल, मंजीत, तरसेम कुमार, सुनीता, कुलदीप, सतबीर, राजबीर, अभिनव, यशविंदर आदि मौजूद रहे।

Share:

Comments

Leave a comment